UP News: बदायूं के विकास में मील का पत्थर साबित होगा गंगा एक्सप्रेसवे, औद्योगिक गलियारों से बढ़ेगा रोजगार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हरदोई में आयोजित भव्य समारोह में गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया। इधर, जनपद बदायूं में बरेली मार्ग पर घटपुरी-बिनावर इंटरचेंज के समीप आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा व अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया। यहां पीएम के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे बदायूं के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से न केवल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि 'डबल इंजन सरकार' के कार्यकाल में जितना विकास हुआ है, उतना पिछले कई दशकों में नहीं हुआ। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए बड़े स्तर पर कार्य किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों ने जताई खुशी, बोले- बढ़ेगी विकास की रफ्तार भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने इसे बदायूं के लिए 'वरदान' बताते हुए कहा कि इससे जनपद की पहचान बदलेगी और यह प्रदेश के विकास का केंद्र बनेगा। विधान परिषद सदस्य वागीश पाठक ने कहा कि देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है और बड़े बुनियादी प्रोजेक्ट इसका प्रमाण हैं। विधायक हरीश शाक्य, महेश गुप्ता और राजीव कुमार सिंह ने भी एक्सप्रेसवे को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे समय, ईंधन और लागत की बचत होगी तथा क्षेत्र का समग्र विकास होगा। पूर्व सांसद धर्मेंद्र शाक्य ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य कर रही है, जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंच रहा है। इस अवसर पर जिलाधिकारी अवनीश राय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चंदोला,शारदेंदु पाठक,अनुभव उपाध्याय, विश्वजीत गुप्ता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी व आमजन आदि मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 29, 2026, 17:49 IST
UP News: बदायूं के विकास में मील का पत्थर साबित होगा गंगा एक्सप्रेसवे, औद्योगिक गलियारों से बढ़ेगा रोजगार #CityStates #Budaun #GangaExpressway #BlVerma #Development #SubahSamachar
