Raipur: बैंक मित्र और च्वाइस सेंटर संचालकों को लूटने वाला गिरोह गिरफ्तार, अभनपुर पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोचा
रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में बैंक मित्रों और च्वाइस सेंटर संचालकों को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने दो अलग-अलग घटनाओं में मिर्ची पाउडर और चाकू के दम पर लाखों रुपये की लूट की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नगदी, दो बाइक, चार मोबाइल फोन और दो चाकू बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, पहली घटना 1 जून 2026 को हुई थी। ग्राम बिरोदा निवासी पोषण लाल साहू, जो खोरपा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में बैंक मित्र के रूप में कार्यरत हैं, बैंक से करीब दो लाख रुपये लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम सारखी और बिरोदा के बीच पुलिया के पास बाइक सवार दो युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने मिर्ची पाउडर फेंककर उन्हें डराने की कोशिश की और नुकीले हथियार से धमकाते हुए नगदी से भरा बैग और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। दूसरी वारदात 14 मार्च 2026 को सामने आई थी। दम्मानी कॉलोनी निवासी उमेंद्र कुमार देवांगन, जो अभनपुर में च्वाइस सेंटर और गिफ्ट स्टोर का संचालन करते हैं, दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। ग्राम हसदा मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और चाकू पेट पर टिकाकर जान से मारने की धमकी देते हुए डेढ़ लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। लगातार हुई इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए रायपुर ग्रामीण पुलिस ने एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और अभनपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की। टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान होने के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ देशबंधु नेताम ने स्वीकार किया कि कर्ज के दबाव के कारण उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर दोनों लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने बताया कि पिंटू पहले भी मारपीट और अपहरण के मामलों में जेल जा चुका है। यह भी पता चला है कि आरोपियों ने अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की घटनाएं की हो सकती हैं, जिसके संबंध में उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में परमानंद साहू (26), टेकराम उर्फ टीकू धीवर (30), पिंटू उर्फ देशबंधु नेताम (30) और योगी राज सोनवानी (18) शामिल हैं। चारों आरोपी अभनपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अभनपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 17, 2026, 21:11 IST
Raipur: बैंक मित्र और च्वाइस सेंटर संचालकों को लूटने वाला गिरोह गिरफ्तार, अभनपुर पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोचा #CityStates #Chhattisgarh #Raipur #AbhanpurLootCase #RaipurRuralPolice #BankMitraLoot #ChoiceCenterRobbery #RaipurCrimeNews #AbhanpurNews #LootGangArrested #ChhattisgarhCrimeUpdate #PintuNetamArrested #RaipurLatestNews. #SubahSamachar
