Una News: साढ़े पांच घंटे लेट पहुंची गांधीनगर-अंब अंदौरा ट्रेन

ऊना। रेलवे ट्रैक पर चल रहे मरम्मत कार्य का असर अब लगातार रेल सेवाओं पर देखने को मिल रहा है। बुधवार को गांधीनगर-अंब अंदौरा एक्सप्रेस ऊना रेलवे स्टेशन पर करीब साढ़े पांच घंटे की देरी से पहुंची। वहीं अंब अंदौरा से वापसी के दौरान भी ट्रेन करीब ढाई घंटे देरी से ऊना पहुंची। लगातार हो रही देरी के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।जानकारी के अनुसार गांधीनगर से चलकर अंब अंदौरा पहुंचने वाली ट्रेन निर्धारित समय से काफी देर बाद ऊना रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के लंबे इंतजार में यात्रियों को स्टेशन पर घंटों बैठना पड़ा। कई यात्रियों की आगे की बसें और निजी कार्यक्रम भी प्रभावित हुए। वापसी के दौरान भी ट्रेन समय पर नहीं चल सकी और करीब ढाई घंटे की देरी से ऊना पहुंची। रेलवे सूत्रों के अनुसार मोरिंडा जंक्शन के पास रेलवे ट्रैक पर मरम्मत कार्य चल रहा है। इसके चलते विभिन्न ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। पिछले कई दिनों से ऊना आने वाली कई ट्रेनें लगातार देरी से पहुंच रही हैं। इससे दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और बाहरी राज्यों से आने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। यात्रियों का कहना है कि ट्रेनों की देरी के कारण उनकी पूरी यात्रा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। बता दें कि मई महीने के शुरूआत से ही ऊना पहुंचने वाली अधिकतर ट्रेनें निर्धारित समय से आधा घंटा से लेकर तीन घंटे तक की देरी से पहुंच रहीं हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 13, 2026, 17:44 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: साढ़े पांच घंटे लेट पहुंची गांधीनगर-अंब अंदौरा ट्रेन #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar