गम्हरिया थाना दुष्कर्म मामला: 15 पुलिसकर्मी निलंबित, एसआईटी ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
गम्हरिया थाना परिसर में महिला फरियादी से कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने दो दिन के भीतर थाना प्रभारी समेत कुल 15 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। विशेष जांच दल (एसआईटी) ने निलंबित उपनिरीक्षक मनोज कुमार साहू और हवलदार संतोष कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को ही राजेश टुडू को गम्हरिया थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया, जिन्होंने पदभार संभाल लिया है। पुलिस अधीक्षक ने अनुशासनहीनता और घटना की जानकारी समय पर वरिष्ठ अधिकारियों को न देने के आरोप में रविवार को नौ अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित किया। निलंबित होने वालों में उपनिरीक्षक अजय पासवान, उपनिरीक्षक ललन रविदास, सहायक उपनिरीक्षक विश्व उरांव, सहायक उपनिरीक्षक मुकेश कुजूर, सहायक उपनिरीक्षक मुकेश रविदास, सहायक उपनिरीक्षक सीताराम सिंह पाहन, हवलदार पितांबर महतो, हवलदार बहादुर हांसदा और आरक्षी मनोज गोराई शामिल हैं। ये सभी कर्मी घटनास्थल के ठीक ऊपर स्थित कमरों में रहते थे। इससे पहले शनिवार देर रात उपमंडल पुलिस अधिकारी अनुभव भारद्वाज की अनुशंसा पर पुलिस अधीक्षक ने मुख्य आरोपी वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा, तत्कालीन थाना प्रभारी संजय प्रसाद, अनिरुद्ध सिंह, मनोज साहू, संतोष राय और मुनेश्वर कुमार को निलंबित किया था। थानों के लिए जारी निर्देश और जांच पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने गम्हरिया थाना पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और बंद कमरे में पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने जिले के सभी थाना प्रभारियों को 24 घंटे थानों की निगरानी करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि ऑन-ड्यूटी या थाना परिसर में शराब या नशे की हालत में पाए जाने वाले पुलिसकर्मी को सीधे सेवा से बर्खास्त करने की अनुशंसा भेजी जाएगी। महिला फरियादियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की हिदायत पुलिस अधीक्षक ने महिला फरियादियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की हिदायत दी है। नए आदेश के अनुसार महिलाओं की शिकायतों को बिना किसी देरी के दर्ज किया जाएगा और पूछताछ के दौरान महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी अनिवार्य होगी। किसी भी महिला फरियादी को थाने में अनावश्यक रूप से बैठाकर रखने पर प्रतिबंध रहेगा। फरियादी से अभद्र व्यवहार की शिकायत पर संबंधित कर्मी के साथ थाना प्रभारी की भी जवाबदेही तय होगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 01, 2026, 22:46 IST
गम्हरिया थाना दुष्कर्म मामला: 15 पुलिसकर्मी निलंबित, एसआईटी ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार #CityStates #Ranchi #Jharkhand #TheStationHouseOfficer(sho)OfGamhariaHasBe #AlongWith15OtherPolicePersonnel.TheSitHas #IncludingManojSwargiary #ManojKumarSahu #AndSantoshKumarRai.JharkhandPolice #Women'sSafety. #SubahSamachar
