Aligarh Airport: अधिकांश भूमि का अधिग्रहण हुआ पूरा, अब अलीगढ़ एयरपोर्ट बनेगा और बड़ा
प्रदेश सरकार ने हवाई संपर्क को मजबूत बनाने की दिशा में एयरपोर्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर के विस्तार को गति दी है। गोरखपुर, आगरा, कानपुर, अलीगढ़, मुरादाबाद और श्रावस्ती एयरपोर्ट विस्तार से जुड़ी परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश में क्षेत्रीय हवाई संपर्क मजबूत होगा और पर्यटन, निवेश व रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। अलीगढ़ एयरपोर्ट को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के लिए 275.74 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके लिए राज्य सरकार ने 738.60 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार परियोजना के लिए आवश्यक अधिकांश भूमि का अधिग्रहण पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष भूमि के अधिग्रहण की कार्रवाई अंतिम चरण में है। एयरपोर्ट विस्तार के बाद यहां बड़े विमानों के संचालन, यात्री सुविधाओं के विस्तार और कार्गो सेवाओं के विकास का रास्ता खुलेगा। इससे अलीगढ़ और आसपास के जिलों को बेहतर हवाई संपर्क मिलने के साथ औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। प्रशासन का मानना है कि परियोजना पूरी होने पर क्षेत्र में निवेश, रोजगार और पर्यटन के नए अवसर पैदा होंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 13, 2026, 15:08 IST
Aligarh Airport: अधिकांश भूमि का अधिग्रहण हुआ पूरा, अब अलीगढ़ एयरपोर्ट बनेगा और बड़ा #CityStates #Aligarh #AligarhAirport #BhumiAdhigrahan #AligarhNews #SubahSamachar
