Noida News: कीमती उपकरण चुराने टावर पर चढ़े चार चोरों को पकड़ा
कीमती उपकरण चुराने टावर पर चढ़े चार चोरों को पकड़ा नोएडा। मोबाइल टावरों से आरआरयू समेत अन्य कीमती उपकरण चुराने वाले चार चोरों को कोतवाली फेज-2 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उस वक्त चारों को पकड़ा जब ये लोग मोबाइल टावर पर चढ़कर चोरी कर रहे थे। ईएनवीआई टेलीकॉम सर्विस प्राइवेट लिमिटेड में तकनीशियन गगन चौहान ने पुलिस से शिकायत की है कि उनकी कंपनी इंडस के टावरों की देखरेख का काम करती है। कंपनी का एक टावर नगला चरणदास गांव में सुमन देवी के मकान की छत पर लगा हुआ है। पिछले दिनों सूचना मिली कि इस साइट पर सेक्टर डाउन है। गगन ने जब जाकर चेक किया तो चार युवक टावर पर चढ़े हुए मिले। सभी ऊपर कीमती उपकरण चुराने चढ़े थे। गगन ने शोर मचा दिया तब आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना पर कंपनी के सिक्योरिटी अधिकारी संजय कुमार भी आ गए। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। चारों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। उनके पास से चोरी के उपकरण भी बरामद हुए। आरोपियों की पहचान अनुज, वसीम, शंकर और यशवीर के रूप में हुई है। यशवीर शाहपुर गांव का निवासी है। कोतवाली प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के अन्य साथियों के बारे में पता लगाया जा रहा है। ब्यूरो
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 21, 2026, 18:53 IST
Noida News: कीमती उपकरण चुराने टावर पर चढ़े चार चोरों को पकड़ा #FourThievesWhoClimbedATowerToStealValuableEquipmentHaveBeenCaught. #SubahSamachar
