Chamoli News: बीएसएनएल के चार मोबाइल टॉवर बने शो पीस, निजी सेवाएं भी नहीं
देवाल। बीएसएनएल की लापरवाही के कारण सुयालकोट घाटी में स्थापित धारकुंवरपाटा, मुयालीखेत, उदयपुर और खेता मोबाइल टावर शो पीस बने हैं। जन- जन की सरकार शिविर, डीएम व बीएसएनएल के अधिकारियाें से शिकायत करने के बाद भी दूरसंचार सेवाओं में सुधार नहीं हो पाया। इस क्षेत्र में बीएसएनएल के चार टॉवर है, सभी टावरों में फोरजी भी कनेक्ट किया गया है लेकिन कॉल डिसकनेक्ट की समस्या यहां लगातार बनी है। क्षेत्र के लोगों ने कई बार इसकी शिकायत संबंधित विभाग के अधिकारियों व सरकार जन- जन के द्वार शिविर में जिलाधिकारी से शिकायत की। उसके बाद भी मोबाइल टावरों की स्थिति नहीं सुधरी। भाजपा के मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, महामंत्री नरेंद्र बिष्ट, पूर्व जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट , विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र बिष्ट ने सांसद अनिल बलूनी को भेजे ज्ञापन में बताया कि सुयालकोट घाटी में लंबे समय से नेटवर्क सेवाएं अस्थिर होने से इस क्षेत्र के करीब 10 हजार की आबादी परेशान हैं। उन्होंने सांसद से टॉवरों के नियमित संचालन करने के लिए कार्रवाई की मांग की। वहीं बीएसएनएल के जेटीओ विनय भट्ट ने कहा कि भारत नेट परियोजना के तहत ओएफसी बिछाई जानी है। देवाल ब्लॉक में मार्च माह के बाद काम शुरू होने होने की संभावना है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 28, 2026, 17:33 IST
Chamoli News: बीएसएनएल के चार मोबाइल टॉवर बने शो पीस, निजी सेवाएं भी नहीं #FourBSNLMobileTowersHaveBecomeShowpieces #AndPrivateServicesAreAlsoMissing. #SubahSamachar
