Delhi NCR News: साइबर ठगों को कमीशन के लिए किराये पर खाता देने वाले चार गिरफ्तार
- दिल्ली, पंजाब और राजस्थान समेत कई राज्यों में चल रहा था ये गिरोह अमर उजाला ब्यूरोनई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने साइबर जालसाजों को म्यूल अकाउंट (किराए के खाते) उपलब्ध कराने वाले चार आरोपियों मोहम्मद खालिद, रमनदीप सिंह, अतिउर रहमान और तनीश उर्फ हीराराम को गिरफ्तार किया है। ये गिरोह दिल्ली, पंजाब और राजस्थान में सक्रिय था। इनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद कर जब्त किए हैं। अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने बताया कि शाखा की वेस्टर्न रेंज-दो में एक शिकायत पर 13 नवंबर, 2025 को मामला दर्ज किया था। इसमें पीड़ित के साथ निवेश के बहाने 33,83,588 रुपये की धोखाधड़ी हुई थी। जांच में धोखाधड़ी से प्राप्त पूरी रकम का पता 15 बैंक खातों में गई। इनमें से 13 बैंक खाते दिल्ली के बाहर यानि देश के विभिन्न राज्यों में पंजीकृत पाए गए। जांच में इंस्पेक्टर गौतम मलिक की टीम को आरोपी मोहम्मद खालिद और रमनदीप सिंह के नाम पर क्रमशः 2,00,000 रुपये की रकम का पता चला। जांच अधिकारी एसआई्र रवि भूषण ने 100 से ज़्यादा कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), आईएमईआई डेटा, केफ और लेन-देन से जुड़ी आईपी डिटेल्स की अच्छी तरह से जांच और विश्लेषण किया गया। इसके बाद जहांगीरपुरी दिल्ली निवासी मोहम्मद खालिद (26) 15 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपना बैंक खाता किट और उससे जुड़ा रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर वाला सिम कार्ड अतिउर रहमान को 5,000 रुपये के कमीशन पर दे दिया था। इसके बाद दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी अतिउर रहमान (23) को 25 मार्च को गिरफ्तार कर लिया गया। वह पहले से ही इसी तरह के एक अन्य अपराध के सिलसिले में रोहतक जेल में बंद था। उसने खुलासा किया कि उसने आरोपी मो. खालिद के लिए एक बैंक खाता (अकाउंट) का इंतजाम किया था और 15,000 रुपये के कमीशन के बदले उस खाते का इस्तेमाल धोखाधड़ी के रैकेट में करने में मदद की थी। पंजाब के फाजिल्का का रहने वाले रमनदीप सिंह (29) 6 अप्रैल कोे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसने अपना बैंक अकाउंट किट और उसके साथ रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर वाली सिम आरोपी तनीश उर्फ हीरा राम को 15,000 रुपये के बदले सौंप दिया था। इससे पूछताछ के बाद राजस्थान के जोधपुर इलाके में कई जगहों पर छापे मार कर जोधपुर, राजस्थान निवासी तनीश उर्फ हीरा राम (27) को 9 अप्रैल को जोधपुर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने आरोपी रमनदीप सिंह के लिए 15,000 रुपये के कमीशन पर बैंक खाता उपलब्ध कराया था। इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ़्तार करने के लिए आगे की जांच जारी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 18, 2026, 17:38 IST
Delhi NCR News: साइबर ठगों को कमीशन के लिए किराये पर खाता देने वाले चार गिरफ्तार #FourArrestedForRentingAccountsToCyberFraudstersForCommission #SubahSamachar
