Yamuna Nagar News: छह माह पुराने विवाद में पूर्व सरपंच पिंकी रानी गिरफ्तार
यमुनानगर। थाना छप्पर क्षेत्र के गांव ऊंचा चांदना में करीब छह माह पहले कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के पुत्र नेपाल राणा के कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद में पुलिस ने दौलतपुर मलियान की बर्खास्त पूर्व सरपंच पिंकी रानी को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर सरकारी कर्मचारी से मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। थाना प्रभारी अजय ने गिरफ्तारी की पुष्टि की।पुलिस के अनुसार 11 दिसंबर 2025 को हरियाणा राज्य आजीविका मिशन के खंड कार्यक्रम प्रबंधक देवेंद्र राणा गांव ऊंचा चांदना में आयोजित बैठक में नव निर्माण महिला क्लस्टर लेवल भवन निर्माण का प्रस्ताव रखने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान पिंकी रानी ने उनका रास्ता रोककर सरकारी कार्य में बाधा डाली, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। जांच के बाद चार मार्च को उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। हालांकि इस विवाद में दूसरा पक्ष भी सामने आया था। घटना वाले दिन पिंकी रानी ने आरोप लगाया था कि देवेंद्र राणा बिना बुलाए बैठक में पहुंचे और महिलाओं पर स्वयं सहायता समूह के धन के दुरुपयोग के आरोप लगाने लगे। विरोध करने पर उन्होंने जातिसूचक शब्द कहे, गला दबाया और धमकी दी। सरपंच की शिकायत पर देवेंद्र राणा समेत सात लोगों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट, मारपीट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था, जिसकी जांच उच्च अधिकारियों को सौंपी गई थी। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच अलग-अलग की जा रही है और गवाहों, दस्तावेजों व अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई होगी। उल्लेखनीय है कि पिंकी रानी को जनवरी 2026 में सरपंच रहते हुए आशा वर्कर का भी मानदेय लेने के मामले में हरियाणा पंचायती राज अधिनियम के तहत पद से हटा दिया गया था। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 27, 2026, 06:03 IST
Yamuna Nagar News: छह माह पुराने विवाद में पूर्व सरपंच पिंकी रानी गिरफ्तार #FormerSarpanchPinkyRaniArrestedInSix-month-oldDispute #SubahSamachar
