Kushinagar News: पहली बार पक्की सड़क से जुड़ेंगे 11 गांव, खर्च होंगे 17 करोड़

पडरौना। जिले के 11 गांवों के लोगों के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इन गांवों को पहली बार पक्की सड़क से जोड़ने की कवायद शुरू हो गई है। करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। सड़क बनने से करीब 50 हजार की आबादी को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद गांव के लोगों को बाजार, स्कूल, अस्पताल, तहसील और जिला मुख्यालय पहुंचने में आसानी होगी।मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ऐसे गांवों को प्राथमिकता दी गई है, जहां अब तक पक्की सड़क की सुविधा नहीं है। बरसात के दिनों में कच्चे और जर्जर संपर्क मार्गों के कारण ग्रामीणों को सबसे अधिक परेशानी होती है। विद्यार्थियों, मरीजों और किसानों को भी आवागमन में दिक्कत का सामना करना पड़ता है। नई सड़कों के निर्माण से इन समस्याओं से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है। निर्माण कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। विभाग की ओर से सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। धौरहरा निवासी विनय तिवारी, मुकेश जायसवाल, दिलीप प्रसाद, सुमित त्रिपाठी आदि ने बताया कि सड़क बनने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ स्थानीय स्तर पर व्यापार और रोजगार की गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगी।0जिले की 11 ग्रामीण सड़कों के नवनिर्माण की शासन ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृति दी है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। - राहुल सोनी, एई, पीडब्ल्यूडी, कुशीनगर।0इन सड़कों का होगा निर्माण पडरौना। सलेमगढ़ पथरवा से बसडीला बुजुर्ग तक दो किमी, रामकोला चट्टी से डुभा तक दो किमी, अवरवा खुर्द दुर्गामंदिर से छठ स्थान गगलवा तक तीन किमी, सपहा-तमकुही मार्ग से जमुआन मनीपार संपर्क मार्ग 3.50 किमी, पथरवा से सलेमगढ़ तक एक किमी, बकुलह से बिहार संपर्क मार्ग तीन किमी, मेंहदिया-पिपरा संपर्क मार्ग से भेड़िहारी टोला तक एक किमी, कसया-सपहां संपर्क मार्ग से गुरवलिया मठिया तक एक किमी, जोंकवा बंजरिया मार्ग से धौराहरा पांडेय पट्टी तक डेढ़ किमी, बसडिला बुुजुर्ग से एनएच तक एक किमी, मीरबिहार से कोटवा टिकमपार शिव मंदिर तक तीन किमी सड़क का निर्माण होगा। संवाद

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Sep 08, 2026, 02:54 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »

Read More:
Kushinagar news



Kushinagar News: पहली बार पक्की सड़क से जुड़ेंगे 11 गांव, खर्च होंगे 17 करोड़ #KushinagarNews #SubahSamachar