Gorakhpur News: ब्रांडेड रैपर लगाकर बेच रहे थे घी, 400 किलो जब्त
गोरखपुर। अगर आप बाजार से घी खरीद रहे हैं तो केवल रैपर देखकर भरोसा करना भारी पड़ सकता है। चौरीचौरा स्थित तनवी इंटरप्राइजेज से शुक्रवार को खाद्य विभाग की छापेमारी में करीब 400 किलो घी पकड़ा गया। घी के पैकेट पर नामी कंपनियों के रैपर चस्पा थे। वहां से करीब 25 बोरा रैपर भी बरामद किया गया है।खाद्य सुरक्षा विभाग ने पकड़े गए घी को जब्त कर लिया है। घी के कुल पांच नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। नामी कंपनियों के रैपर मिलने की बाबत संबंधित कंपनियों को जानकारी दे दी गई है। माना जा रहा है कि संबंधित कंपनियां जांच के बाद मामले में कॉपीराइट एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सकती हैं।सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. सुधीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने गोपनीय सूचना पर चौरीचौरा स्थित तनवी इंटरप्राइजेज में छापा मारा। जांच के दौरान अमूल, पतंजलि, मधुसूदन, रॉयल और हरियाणा समेत कई कंपनियों के रैपर मिले। खाद्य विभाग के अनुसार ये रैपर दिल्ली से मंगाए गए थे। छापा मारने वाली टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुधीर राय, नागेंद्र चौधरी, संदीप सिंह, सत्यराम यादव व ओम प्रकाश शामिल रहे। अब रिपोर्ट पर निगाहेंनामी कंपनियों के रैपर में घी बेचने से खरीदार शुद्ध और मिलावटी में फर्क नहीं कर पाता। यदि पैकिंग के अंदर घी मिलावटी हुआ तो लोगों के स्वास्थ्य के लिए ज्यादा खतरा पैदा कर सकता है। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घी की गुणवत्ता और मिलावट की स्थिति साफ होगी। रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई तय होगी। बोले डॉक्टरमिलावटी या नकली घी खाने से लोगों को पेट संबंधी कई दिक्कतें हो सकती हैं। इससे पेट दर्द, गैस, अपच, उल्टी और दस्त की समस्या हो सकती है। लगातार मिलावटी घी के सेवन से पाचन तंत्र पर बुरा असर पड़ सकता है। कई बार खराब या मिलावटी पदार्थ खाने से पेट में संक्रमण भी हो सकता है। घी खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकिंग और विश्वसनीयता की जांच करना जरूरी है। - डॉ. बीके सुमन, फिजिशियन, जिला अस्पतालबोले अधिकारीतनवी इंटरप्राइजेज से करीब 400 किलो घी और कई नामी कंपनियों के रैपर सीज किए गए हैं। घी के पांच नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मिलावट के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। - डॉ. सुधीर कुमार सिंह, सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 01, 2026, 03:13 IST
Gorakhpur News: ब्रांडेड रैपर लगाकर बेच रहे थे घी, 400 किलो जब्त #FoodSafetyDepartmentRaidsTanviEnterprises;25SacksOfWrappersFromVariousCompanies #IncludingAmulAndPatanjali #Seized. #SubahSamachar
