टूंडला में खाद्य विभाग का बड़ा छापा: रिफाइंड से बन रहा था नकली घी, आगरा के मनकामेश्वर मंदिर में भी सप्लाई
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने टूंडला में नकली घी के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। चूल्हावली रोड स्थित एक प्रतिष्ठान पर छापेमारी के दौरान विभागीय टीम ने रिफाइंड तेल और विभिन्न प्रकार के एसेंस से तैयार किया जा रहा संदिग्ध घी पकड़ा। मौके से करीब 5.40 लाख रुपये कीमत का 34 टीन घी जब्त कर सीज कर दिया गया है। मामले में आरोपी कारोबारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। जिलाधिकारी के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के तहत सहायक आयुक्त (खाद्य) चंदन पांडे के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मस्जिद रोड, टूंडला निवासी विवेक गुप्ता प्रतिष्ठान पर घी निर्माण का कार्य करते मिला। जांच में टीम ने पाया कि रिफाइंड तेल और विभिन्न एसेंस का उपयोग कर घी तैयार किया जा रहा था। पूछताछ में सामने आई सप्लाई की कहानी विभागीय अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में कारोबारी ने बहाना बनाते हुए कहा कि तैयार उत्पाद खाद्य उपयोग के लिए नहीं है और इसका इस्तेमाल अन्य कार्यों में किया जाता है। हालांकि जांच में यह भी सामने आया कि तैयार माल की आपूर्ति बुंदेलखंड और मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में की जाती थी। कारोबारी ने स्वयं बताया कि आगरा के मनकामेश्वर मंदिर में भी सप्लाई होती थी। इससे विभाग को बड़े स्तर पर सप्लाई नेटवर्क संचालित होने की आशंका है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 20, 2026, 17:26 IST
टूंडला में खाद्य विभाग का बड़ा छापा: रिफाइंड से बन रहा था नकली घी, आगरा के मनकामेश्वर मंदिर में भी सप्लाई #CityStates #Firozabad #FakeGhee #Tundla #FsdaUp #SubahSamachar
