Panipat News: सुताना, भादड़, काकोदा में लगी आग, 21 एकड़ गेहूं, 26 एकड़ फांस जलकर खाक

पानीपत। जिले में गेहूं की फसल में आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। मंगलवार को भी सुताना, भादड़ और काकोदा गांव में खेतों में आग लगने से 10 से अधिक किसानों की 21 एकड़ फसल और 26 एकड़ गेहूं की फांस जलकर खाक हो गई है। दमकल विभाग की टीम को आग पर काबू पाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले दो दिन में जिले में 50 एकड़ से अधिक गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी है। मंगलवार दोपहर को सुताना गांव में रामफल के खेत में अचानक आग लग गई। आग की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही इसकी सूचना दमकल विभाग की टीम को दी। जब तक टीम मौके पर पहुंची तब तक आग मांगेराम और पूर्ण सिंह के खेतों तक भी पहुंच गई। आग से रामफल की तीन एकड़, मांगेराम की चार और पूर्ण सिंह की चार एकड़ फसल पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। इसके अलावा भादड़ गांव में भी खेतों में आग लग गई। किसान बलबीर की एक एकड़ फसल जलकर राख हुई। वहीं, उनकी एक एकड़, जोनी की 12 एकड़, जय सिंह की तीन एकड़, लेहन की छह एकड़ गेहूं की फांस जलकर राख हो गई। आग की सूचना पर दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन, जब तक टीम आग बुझाती काफी नुकसान हो चुका है। लगातार हो रही आग लगने की घटनाओं से किसानों में आक्रोश है। किसानों का कहना है कि पिछले दो दिन में जिले में अलग-अलग क्षेत्रों में आग लगने से किसानों की 50 एकड़ से अधिक गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी है। किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। बॉक्सडिकाडला में दो एकड़ अवशेष जलेवहीं डिकाडला गांव निवासी दलबीर के गेहूं के दो एकड़ अवशेष में मंगलवार सुबह आग लग गई, जिससे वह जलकर राख हो गया। दमकल कर्मचारियों ने आग को बुझाकर आसपास के गेहूं की फसल को बचा लिया।बॉक्सअभियान चलाने में आ रही दिक्कतें, 75 फीसदी पद हैं खाली जिले में आग लगने की घटनाओं में वृद्धि हो रही है। लेकिन विभागीय अधिकारी मैनपावर और संसाधनों की कमी से जूझ रहे हैं। विभाग में नियमित कर्मचारियों 100 पद हैं। इनमें से 25 पदों पर ही तैनाती है। बाकी पदों पर अनियमित कर्मचारियों को भर्ती किया गया था। लेकिन आठ अप्रैल से सभी अनियमित कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं। जिस कारण विभाग के पास कर्मचारी ही नहीं है। कर्मचारियों की समस्या को देखते हुए 100 होमगार्ड विभाग में तैनात किए गए थे। लेकिन उन्हें आग बुझाने का अनुभव नहीं है। जिस कारण वह आग पर काबू पाने में नाकाम ही साबित हो रहे हैं। ---वर्जनआग लगने की सूचना पर टीम को मौके पर भेजकर आग पर काबू किया जाता है। कुछ किसानों की फसलों को बचाया भी गया है। होमगार्डों को लगातार प्रशिक्षित किया जा रहा है। -गुरमेल सिंह, जिला अग्निशमन अधिकारी।---

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 15, 2026, 03:00 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Panipat News: सुताना, भादड़, काकोदा में लगी आग, 21 एकड़ गेहूं, 26 एकड़ फांस जलकर खाक #FireBrokeOutInSutana #Bhadar #Kakoda #Burning21AcresOfWheatAnd26AcresOfBamboo. #SubahSamachar