फायर सिस्टम से टला हादसा: रेस्टोरेंट में सिलेंडर लीकेज से रेगुलेटर में लगी आग, धमाके से शीशे टूटे; चार घायल
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर 10 स्थित स्थित कोको काउंटी मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के भूतल पर स्थित नागपाल रेस्टोरेंट में सिलेंडर में तेज धमाके आग लग गई। हादसे में रेस्टोरेंट को दो कर्मचारी झुलस गए। वहीं एक ग्राहक महिला और उसका 17 साल का बच्चा भी आग लगने के दौरान भागते समय चोटिल हो गए। सभी को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी की हालत खतरे से बाहर है। सीएफओ प्रदीप चौबे का कहना है कि शुक्रवार दोपहर करीब 12.40 मिनट पर सूचना मिली थी कि इकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर 10 के फूड प्लाजा में सिलेंडर ब्लास्ट के कारण आग लग गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रेस्टोरेंट में गैस सिलेंडर लीक होने के कारण रेगुलेटर में आग लग गई थी। आग लगने के साथ ही तेज धमाके जैसी आवाज हुई। जिससे रेस्टोरेंट के शीशे टूट गए। इस घटना में रेस्टोरेंट में काम कर रहे दो कर्मचारी झुलस गए। वहीं हादसे के दौरान भागते समय के महिला और उनका बच्चा चोटिल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। बिल्डिंग में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम की मदद से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। जिससे बड़ा हादसा टल गया। दमकल के आने से पहले ही आग बुझ गई थी। घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। किसी प्रकार का खतरा नहीं है। गैस रिसाव और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। रेस्टोरेंट प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं निवासियों का कहना है कि धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। जिससे लोग अपने-अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए। कुछ समय के लिए इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 20, 2026, 17:48 IST
फायर सिस्टम से टला हादसा: रेस्टोरेंट में सिलेंडर लीकेज से रेगुलेटर में लगी आग, धमाके से शीशे टूटे; चार घायल #CityStates #Noida #GreaterNoida #NoidaNews #DelhiNcrNews #SubahSamachar
