Noida: सेक्टर-145 डंपिंग ग्राउंड में फिर भड़की आग, कई दिन बाद भी नहीं बुझी लपटें; धुएं से आसपास के लोग परेशान
सेक्टर-145 में नोएडा प्राधिकरण के डंपिंग ग्राउंड में कूड़े के ढेर से शनिवार को फिर लपटें उठनी शुरू हो गई हैं। दोपहर से यहां फिर से आग फैली और शाम तक विकराल रूप में आ गई। इसके बाद पूरे दिन निकलने वाला धुंआ आस-पास के सेक्टरों में फैला। गौरतलब है कि यहां पर सोमवार को आग लगी थी। लेकिन छह दिन बीतने के बाद भी पूरी तरह से आग नहीं बुझ पाई है। वहीं आग लगने के कारण व उठे सवालों पर प्राधिकरण की तरफ से करवाई जा रही जांच भी अभी पूरी नहीं हो पाई है। लगातार आग लगने से फैलने वाले धुंए ने आस-पड़ोस के सेक्टरों व गांव के निवासियों को परेशान किया हुआ है। गौरतलब है कि यहां पर पहुंचने वाला गीला-सूखे कूड़े का निस्तारण प्राधिकरण बायोरेमिडिएशन के जरिए करवाता है। इसके लिए एजेंसी का चयन भी नोएडा प्राधिकरण करवा चुका है। लेकिन कई महीने बीत गए हैं लेकिन एजेंसी ने कूड़ा निस्तारण नहीं शुरू किया है। मौके पर करीब 8 लाख मीट्रिक टन कूड़ा पड़ा हुआ है। इस बीच आग लगने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। कूड़ा निस्तारण और छटनी के बाद रिफ्यूज डाइव फ्यूल (आरडीएफ) मौके से हटवाकर एजेंसी को ही अपने खर्च पर भिजवाना है। कूड़ा जल जाने के बाद बचने वाली राख का उपयोग कहीं पर भी खाली पड़े प्लॉट में भरने में हो जाएगा। खतरनाक है कूड़ा जलने से निकलने वाला धुंआ जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ प्रदीप कुमार शैलत ने बताया कि कोई भी धुंआ हो सेहत के लिए हानिकारक है। लेकिन कूड़ा जलने से निकलने वाला धुंआ एक तरह से खतरनाक है। इसके खतरों का अंदाजा सीधे तौर पर नहीं लगाया जा सकता है। घर, कंपनी व अन्य जगहों से बहुत सा कचरा ऐसा निकलता है जिसे जलना ही नहीं चाहिए। डंपिंग ग्राउंड में अगर ऐसा खतरनाक कूड़ा-कचरा भी जल रहा है तो और भी चिंता का विषय है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 25, 2026, 20:51 IST
Noida: सेक्टर-145 डंपिंग ग्राउंड में फिर भड़की आग, कई दिन बाद भी नहीं बुझी लपटें; धुएं से आसपास के लोग परेशान #CityStates #Noida #NoidaNews #DumpingGroundFire #NoidaGarbageDumpFire #NoidaAuthorityUpdates #SubahSamachar
