Rohtak News: डी-पार्क मार्केट में जूतों की दुकान में फिर सुलगी आग, डेंटल क्लीनिक में भी शाॅर्ट सर्किट
रोहतक। डी-पार्क मार्केट में जूतों की जली हुई दुकान रोहतक शूज की तीसरी मंजिल पर शुक्रवार शाम 5 बजे फिर आग सुलग गई। इसके थोड़ी देर बाद पास के ही डेंटल क्लीनिक में लाइन के पैनल में शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। गनीमत यह रही कि पहले से मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने डेंटल क्लीनिक की तुरंत आग बुझा दी। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया।करीब 10 दिन पहले डी-पार्क मार्केट में रोहतक शूज दुकान के तीसरी मंजिल पर रखे एसी के कंप्रेशर में शॉर्ट-सर्किट से भयंकर आग लग गई थी। इससे तीन लोग जिंदा जलकर मर गए और 12 दुकानें नष्ट हो गई थीं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मृतकों के आश्रितों को 10-10 लाख व दुकानदारों को पांच-पांच लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से देने की घोषणा की थी। हालांकि, राशि अभी तक नहीं मिली है। दुकानदारों ने शुक्रवार शाम करीब 5 बजे फिर रोहतक शूज की तीसरी मंजिल पर पड़े गत्तों के अंदर से धुआं उठता देखा। तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां व सिविल लाइन थाना प्रभारी महेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। आग पर तुंरत काबू पा लिया।डी-पार्क स्थित जूतों की दुकान में दोबारा सुलगी आग बुझाकर फायर ब्रिगेड की टीम वापस चलने की तैयारी में थी। तभी पास के डेंटल क्लीनिक की तीसरी मंजिल पर बिजली मीटर के पैनल में शाॅर्ट-सर्किट के चलते आग आग लग गई। डॉ. सागर शर्मा ने बताया कि धुआं उठते ही तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सामने डी-पार्क मार्केट में पहले से मौजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने तुरंत आग पर काबू पाया। फर्नीचर व अन्य सामान बच गया। फायर ब्रिगेड न होती तो फिर हो सकता था बड़ा हादसा, दुकानें तुरंत कीं बंद10 दिन पहले डी-पार्क मार्केट में हुए हादसे से अब भी दुकानदार सहमे हुए हैं। शुक्रवार को जब डेंटल क्लीनिक में फायर ब्रिगेड की गाड़ी आग बुझा रही थी तो सभी दुकानदारों ने नीचे गली में दुकानों के शटर बंद कर दिए और बाहर निकल गए। मौके पर पहुंचे सिविल लाइन थाना प्रभारी महेंद्र सिंह का कहना है कि अगर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहले से मौजूद न होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। 41-रोहतक के डी पार्क स्थित एक डेंटल क्लिनिक में लगी आग के बाद एकत्रित भीड़। संवाद- फोटो : samvad
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 20, 2026, 02:47 IST
Rohtak News: डी-पार्क मार्केट में जूतों की दुकान में फिर सुलगी आग, डेंटल क्लीनिक में भी शाॅर्ट सर्किट #FireBreaksOutAgainAtAShoeShopInD-ParkMarket;ShortCircuitAlsoReportedAtADentalClinic. #SubahSamachar
