FIFA World Cup 2026: बेल्जियम से हार के बाद सेनेगल ने कोचिंग स्टाफ पर की कार्रवाई, पापे थियाव हटाए गए
फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में बेल्जियम से मिली हार के बाद सेनेगल फुटबॉल फेडरेशन (एफएसएफ) ने बड़ा फैसला लिया है। फेडरेशन ने राष्ट्रीय टीम के हेड कोच पापे थियाव और उनके पूरे टेक्निकल स्टाफ की सेवाएं समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शनिवार को एफएसएफ की कार्यकारी समिति (एग्जीक्यूटिव कमेटी) की बैठक में यह फैसला लिया गया। फेडरेशन का कहना है कि टीम के प्रदर्शन और भविष्य की संभावनाओं की समीक्षा के बाद यह कदम उठाया गया है। निराशाजनक रहा विश्व कप अभियान पापे थियाव को दिसंबर 2024 में सेनेगल की राष्ट्रीय टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था। हालांकि, उनके नेतृत्व में टीम का विश्व कप अभियान उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। सेनेगल को ग्रुप-आई में फ्रांस और नॉर्वे के खिलाफ शुरुआती दोनों मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा, जिससे नॉकआउट चरण में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई। हालांकि, टीम ने अपने अंतिम ग्रुप मैच में ईरान को 5-0 से हराकर शानदार वापसी की। इस जीत के दम पर सेनेगल 'बेस्ट थर्ड-प्लेस्ड टीमों' में सबसे कम रैंकिंग वाली टीम के रूप में राउंड ऑफ 32 में पहुंचने में सफल रहा। बेल्जियम के खिलाफ हाथ से फिसली जीत सिएटल में खेले गए राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में सेनेगल ने बेल्जियम के खिलाफ 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली थी और निर्धारित समय के अंतिम क्षणों तक जीत की ओर बढ़ता नजर आ रहा था। लेकिन बेल्जियम ने मैच के आखिरी पांच मिनट में लगातार दो गोल कर मुकाबले को अतिरिक्त समय (एक्स्ट्रा टाइम) में पहुंचा दिया। इसके बाद यूरी टिलेमैन्स ने पेनाल्टी को गोल में बदलकर बेल्जियम को 3-2 की जीत दिलाई और सेनेगल का विश्व कप अभियान समाप्त हो गया। एफएसएफ ने जारी किया आधिकारिक बयान एफएसएफ ने रविवार को जारी अपने बयान में कहा कि कार्यकारी समिति ने 2026 फीफा विश्व कप से टीम के बाहर होने के बाद राष्ट्रीय टीम के प्रदर्शन और भविष्य की रणनीति की विस्तृत समीक्षा की। इसके बाद सेनेगल फुटबॉल के हित में हेड कोच पापे थियाव और उनके पूरे टेक्निकल स्टाफ की सेवाएं समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 12, 2026, 15:38 IST
FIFA World Cup 2026: बेल्जियम से हार के बाद सेनेगल ने कोचिंग स्टाफ पर की कार्रवाई, पापे थियाव हटाए गए #Football #Sports #National #FifaWorldCup2026 #FifaWorldCup #Fifa #Senegal #PapeThiaw #SubahSamachar
