Gorakhpur News: फील्ड अफसरों ने 5.83 लाख हड़पे, प्राथमिकी दर्ज
गोरखपुर। तारामंडल स्थित पैसालो डिजिटल लिमिटेड की गोरखपुर शाखा के चार फील्ड अफसरों पर ऋणधारकों से वसूली गई 5.83 लाख रुपये की किस्त कंपनी में जमा नहीं करने का आरोप लगा है। वहीं, ऑडिट एक्जीक्यूटिव पर भी 3.68 लाख रुपये हड़पने का आरोप है। पांचों कर्मचारियों पर कुल 9.51 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कंपनी के वाइस प्रेसीडेंट अनूप कुमार सक्सेना ने एसएसपी से प्राथमिकी दर्ज दर्ज कराने की मांग की थी। एसएसपी के आदेश पर रामगढ़ताल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भारतीय रिजर्व बैंक में पंजीकृत गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनी पैसालो डिजिटल लिमिटेड की शाखा इंद्रनगर, रसूलपुर, तारामंडल में संचालित है। यहां कुशीनगर के रामकोला मोरवारी निवासी संदीप सिंह, महाराजगंज के सम्राटनगर सिसवा बाजार निवासी निरंजन सिंह, मऊ के भावरकोल निवासी गौरव सिंह और बलिया के सुल्तानपुर निवासी विशाल कुमार फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। इनका काम ग्राहकों को ऋण वितरित करने के साथ ही किस्तों की वसूली कर कंपनी में जमा करना था। पुलिस से की गई शिकायत में वाइस प्रेसिडेंट ने बताया कि फील्ड ऑफिसर संदीप सिंह ने 4,18,357 रुपये, निरंजन सिंह ने 69,920 रुपये, गौरव सिंह ने 79,582 रुपये और विशाल कुमार ने 15,302 रुपये ऋणधारकों से वसूले, लेकिन कंपनी में जमा नहीं किए। कंपनी का दावा है कि ग्राहकों ने इस संबंध में लिखित शिकायतें की हैं। आरोपियों के निजी बैंक खातों में भुगतान के स्क्रीनशॉट और फर्जी रसीदें भी साक्ष्य के तौर पर उपलब्ध हैं। संदीप सिंह पर ऋणधारक छोटेलाल प्रसाद को फर्जी एनओसी देने का आरोप है। कंपनी के अनुसार, प्रमाणपत्र पर ऐसे व्यक्ति के हस्ताक्षर किए गए, जिसे एनओसी जारी करने का अधिकार नहीं था। वहीं, बलिया के रसड़ा कमतैला निवासी ऑडिट एक्जीक्यूटिव सतीश कुशवाहा पर भी 3,68,531 रुपये निजी उपयोग में लेने का आरोप है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि मामले में वाइस प्रेसिडेंट की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 31, 2026, 02:59 IST
Gorakhpur News: फील्ड अफसरों ने 5.83 लाख हड़पे, प्राथमिकी दर्ज #FieldOfficersSiphonedOff5.83Lakh;FIRRegistered #SubahSamachar
