Kangra News: धर्मशाला जेल से दीवार फांदकर भागी महिला कैदी, नूरपुर से किया गिरफ्तार

धर्मशाला। लाला लाजपत राय जिला एवं मुक्त कारागार धर्मशाला से मंगलवार सुबह एनडीपीएस मामले में विचाराधीन एक महिला कैदी चुन्नी के सहारे दीवार फांदकर फरार हो गई। इसे पुलिस और उप-कारागार नूरपुर की संयुक्त टीम ने महज तीन घंटे के भीतर नूरपुर से दोबारा गिरफ्तार कर लिया। महिला कैदी के जेल से भागने की सूचना मिलने के बाद कारागार प्रशासन में हड़कंप मच गया था। धर्मशाला जेल से महिला कैदी के भागने के मामले में कारागार प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए एसपी स्तर के अधिकारी को जांच का जिम्मा सौंपा है। मंगलवार सुबह करीब 9:11 बजे महिला बैरक से विचाराधीन बंदी अरविंद्र कौर निवासी ग्राम बल्टोहा जोधसिंह वाला, तहसील पट्टी, जिला तरनतारन (पंजाब) अचानक फरार हो गई। आरोपी महिला को पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने बीते 12 जून को 25.65 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया था। इस दौरान आरोपी महिला के साथ अरजिंद्र कुमार निवासी अमृतसर और अजय कुमार आनंद निवासी अमृतसर ग्रामीण (पंजाब) भी गिरफ्तार किए गए थे। इस एनडीपीएस मामले में आरोपी महिला न्यायिक हिरासत के तहत धर्मशाला जेल में बंद थी।जेल सूत्रों के अनुसार आरोपी महिला जेल में सुरक्षाकर्मियों की नजरों से बचकर चुन्नी के सहारे दीवार फांद कर भागी थी। आरोपी के जेल से फरार होने की भनक लगते ही जेल प्रशासन ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले से अवगत करवाया। इसके बाद पुलिस और जेल विभाग ने संयुक्त रूप से पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान दोपहर करीब 12 बजे उप-कारागार नूरपुर के जेल स्टाफ और पुलिस की टीम ने महिला बंदी को नूरपुर में धर दबोचा।सतर्कता के साथ कार्य करने वाले दो वार्डर होंगे सम्मानितजेल मामले को लेकर कारागार एवं सुधार सेवाएं महानिदेशक कार्यालय की ओर से एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है। इसके अनुसार घटना की विस्तृत जांच एसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है ताकि फरारी के मुख्य कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी गंभीर घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय और कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है। दूसरी ओर इस पूरे कार्रवाई के दौरान साहस, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले उप-कारागार नूरपुर के वार्डर दीपक कुमार और प्रीतम कुमार को महानिदेशक कारागार अभिषेक त्रिवेदी द्वारा डीजी डिस्क अवार्ड और प्रशस्ति प्रमाण-पत्र से विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 30, 2026, 17:53 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kangra News: धर्मशाला जेल से दीवार फांदकर भागी महिला कैदी, नूरपुर से किया गिरफ्तार #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar