Hamirpur (Himachal) News: केन में डीजल-पेट्रोल न मिलने से किसान परेशान
केन में डीजल-पेट्रोल न मिलने से किसान परेशानकिसानों को तेल न मिलने से कृषि संबंधी कार्य प्रभावितसंवाद न्यूज एजेंसीताल (हमीरपुर)। जिले में पेट्रोल पंपों पर वाहनों के अतिरिक्त अन्य बर्तनों में तेल न मिलने पर किसानों सहित अन्य लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को केन या जरीकेन (लोहे का केन) में डीजल-पेट्राेल न मिलने से उन्हें खेत बिजाई जैसे कार्य करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तेल न मिलने के कारण किसानों को खेतों से ट्रैक्टर पेट्रोल पंप पर लाना पड़ रहा है जिससे किसानों के खेतों की बिजाई में देरी हो रही है। किसानों का कहना है कि खेतों में बिजाई के लिए इस्तेमाल होने वाले ट्रैक्टर और बुआई वाली मशीनें भारी होने के कारण उन्हें बार-बार पेट्रोल पंप तक ले जाकर तेल भरवाना संभव नहीं है। ऐसे में खेती के जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं और किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मकानों आदि में छत-लेंटर डालने वाले मजदूरों को भी भारी समस्या से जूझना पड़ रहा है। लोगों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि किसानों की सुविधा को देखते हुए इस नियम में कुछ राहत दी जानी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि जो किसान आधार कार्ड, किसान कार्ड या ट्रैक्टर आदि के कागजात दिखाए, उसे जरूरत के अनुसार डिब्बे या केन में डीजल उपलब्ध करवाया जाए। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि इस समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो जल्द किसान सड़कों पर उतरेंगे। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन शिमला स्थित कार्यालय के मंडलीय प्रबंधक रचित अग्रवाल ने बताया कि पेट्रोल पंप पर प्लास्टिक की बोतल आदि में खुला तेल बेचने पर मनाही है। उपभोक्ता पेट्रोल पंप से जरीकेन-कंटेनर में पेट्रोल-डीजल ले जा सकते हैं। किसानों सहित अन्य उपभोक्ताओं की इस समस्या को अपने उच्च अधिकारियों के समक्ष रखकर हल करवाने के प्रयास किए जाएंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 03, 2026, 17:40 IST
Hamirpur (Himachal) News: केन में डीजल-पेट्रोल न मिलने से किसान परेशान #FarmersAreUpsetDueToNon-availabilityOfDieselAndPetrolInCans. #SubahSamachar
