Bihar: 'पुलिस के डर ने ले ली जान'! महिला की मौत के बाद SDPO कार्यालय पर हंगामा, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला की मौत के बाद पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हैं। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि हत्या के एक मामले में पूछताछ के दौरान पुलिस की लगातार कार्रवाई और कथित मानसिक प्रताड़ना के कारण महिला गहरे तनाव में चली गई, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के विरोध में परिजन शव लेकर एसडीपीओ कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। मृतका की पहचान सपना कुमारी (सपना देवी) के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि वर्ष 2025 में अकबरपुर गांव के एक युवक की गला रेतकर हत्या के मामले में पुलिस बिना नोटिस उनके घर पहुंचती थी और पूरे परिवार को आरोपी बनाने का दबाव बना रही थी। उनका आरोप है कि बार-बार पूछताछ और दबाव के कारण सपना कुमारी मानसिक तनाव में रहने लगी थीं। परिजनों ने साझा किया वीडियो, पुलिस से डरने की बात कही परिजनों ने सपना कुमारी का एक वीडियो भी साझा किया है। वीडियो में वह कहती नजर आ रही हैं कि उन्हें पुलिस और पुलिस की गाड़ी देखकर भी डर लगता है। उनका कहना है कि उन्हें हमेशा इस बात का भय रहता था कि पुलिस कभी भी उन्हें पकड़ सकती है और उनके साथ कुछ भी हो सकता है। बहन बोली- पूछताछ के बाद बिगड़ी तबीयत मृतका की बहन खुशबू कुमारी का आरोप है कि तत्कालीन एसडीपीओ आनंद कुमार सिंह ने हत्या के मामले की पूछताछ के दौरान उनकी बहन को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। उनका कहना है कि एक दिन पुलिस पूछताछ के लिए घर से ले गई, जिसके बाद सपना की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।परिजनों का यह भी आरोप है कि जिस हत्या मामले (केस संख्या 664/25) में पूछताछ की जा रही थी, उसमें सपना कुमारी और उनके परिवार का कोई संबंध नहीं था। इसके बावजूद लगातार दबाव बनाया जा रहा था और उनके भाई को भी धमकियां मिल रही थीं। 'बार-बार बयान लेने और जेल भेजने की धमकी दी गई' परिवार के सदस्य ओमप्रकाश पासवान ने आरोप लगाया कि लगातार मानसिक दबाव और पूछताछ के कारण सपना कुमारी अवसाद में चली गई थीं। वहीं नीतू पासवान ने आरोप लगाया कि मामले के जांच अधिकारी और तत्कालीन एसडीपीओ उन्हें बार-बार कार्यालय बुलाते थे तथा जेल भेजने और बच्चों का भविष्य खराब होने की धमकी देते थे। उनका कहना है कि इस संबंध में आवेदन भी दिया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ये भी पढ़ें-Bihar:3000 साल पुराने विकसित नगर के मिले सबूत! बलिराजगढ़ की खुदाई से सामने आया मिथिला का स्वर्णिम इतिहास एसडीपीओ बोले- आवेदन मिलने पर होगी जांच एसडीपीओ-1 रामकृष्ण ने बताया कि पुलिस एक युवक की हत्या के मामले में महिला के परिजनों से पूछताछ कर रही थी। महिला की मौत पटना के एक अस्पताल में इलाज के दौरान हुई है। उन्होंने कहा कि परिजनों से लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 04, 2026, 21:53 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Bihar: 'पुलिस के डर ने ले ली जान'! महिला की मौत के बाद SDPO कार्यालय पर हंगामा, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप #CityStates #Crime #Bihar #Patna #BiharNews #PatnaBihar #PatnaNews #BarhNews #CrimeNews #CrimeToday #TodayNews #SubahSamachar