UP: बुजुर्ग नहीं समझ पाया शातिरों की चाल, जिन्हें समझा था पुलिसकर्मी; वो निकले चोर
आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में बाइक सवार बुजुर्ग को स्कूटर सवार युवक ने रोक लिया। खुद को पुलिसकर्मी बता चेकिंग के नाम पर डराया और धमकाकर जेब में रखे 17 हजार रुपये और मोबाइल छीन लिए। शिकायत पर घटना के 12 दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित वजीर खान सिकंदरपुर कॉलोनी, कलवारी शाहगंज के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि 26 मई को दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच वह अपनी बाइक से तेजपुर स्थित भगवती ढाबा के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से नीले रंग की स्कूटर पर सवार एक व्यक्ति ने उनकी बाइक जबरन रुकवा ली। उसने खुद को पुलिसकर्मी बताया जबकि वह पुलिस की वर्दी में नहीं था। आरोपी ने चेकिंग के नाम पर धमकाकर जबरदस्ती तलाशी ली। कुर्ते की जेब से 17 हजार रुपये और उनका मोबाइल निकाल लिया। मोबाइल नंबर बेटे फैजान खान के नाम पर है। थाना प्रभारी का कहना है कि जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकाॅर्डिंग देखी जा रही है। गिरफ्तारी के लिए टीम भी बना दी गई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 07, 2026, 05:46 IST
UP: बुजुर्ग नहीं समझ पाया शातिरों की चाल, जिन्हें समझा था पुलिसकर्मी; वो निकले चोर #CityStates #Agra #FakeCop #ElderlyRobbery #CashSnatching #MobileTheft #AgraCrime #SikandraPolice #FraudCheckpoint #RobberyCase #SubahSamachar
