Sonipat News: डीसीआरयूएसटी में 3.39 करोड़ से संवरेंगी सुविधाएं

- छात्रावासों, शैक्षणिक भवनों और आवासीय परिसरों की मरम्मत के लिए 13 योजनाओं पर शुरू हुई टेंडर प्रक्रियासंवाद न्यूज एजेंसीसोनीपत। मुरथल स्थित दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी) में लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्थाओं के बीच अब बुनियादी ढांचे को सुधारने की कवायद शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिसर की 13 विभिन्न मरम्मत एवं नवीनीकरण योजनाओं पर 3 करोड़ 39 लाख 12 हजार रुपये खर्च करने का निर्णय लिया है। इस कार्य के लिए एक जून से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रबंधन का लक्ष्य 8 जून तक टेंडर आवंटित कर कार्य शुरू कराना है। विश्वविद्यालय में छात्रावासों, स्टाफ क्वार्टरों, शैक्षणिक ब्लॉकों, डाइनिंग हॉल और अन्य सुविधाओं के रखरखाव एवं मरम्मत के कार्य किए जाएंगे। प्रशासन का मानना है कि इन योजनाओं से विद्यार्थियों और कर्मचारियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा। डीसीआरयूएसटी पिछले कुछ वर्षों से जर्जर भवनों, छात्रावासों की खराब स्थिति, पुस्तकालय में छत से प्लास्टर गिरने, बंद एसी, पुराने पंखों और अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर चर्चा में रहा है। कर्मचारी और विद्यार्थी कई बार इन मुद्दों को लेकर आवाज उठा चुके हैं। सितंबर 2025 में विधानसभा विषय समिति के निरीक्षण के दौरान भी इन समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया था। इसी के मद्देनजर विश्वविद्यालय प्रशासन ने मरम्मत और नवीनीकरण कार्यों के लिए बजट स्वीकृत कर प्रक्रिया आगे बढ़ाई है।इन प्रमुख कार्यों पर होगा खर्चसबसे अधिक 58.63 लाख रुपये छात्रावास संख्या-1 और 2 के अग्रभाग की विशेष मरम्मत पर खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा चारों छात्रावासों की मरम्मत, बीएच-1 एवं बीएच-2 डाइनिंग हॉल की छत का नवीनीकरण, 22 बी-टाइप मकानों और 36 सी-टाइप फ्लैटों का रखरखाव, जेसीबी ब्लॉक, सीवीआर ब्लॉक तथा विक्रम साराभाई (मैकेनिकल) ब्लॉक की मरम्मत करवाई जाएगी। विभिन्न भवनों में लगे एसी और वाटर कूलरों के रखरखाव पर भी राशि खर्च की जाएगी। करीब 275 एकड़ में फैले विश्वविद्यालय में वर्तमान में लगभग 4,500 विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। इनमें विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशी छात्र भी शामिल हैं।विद्यार्थियों और कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 13 योजनाओं पर 3.39 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जल्द ही मरम्मत कार्य धरातल पर दिखाई देंगे।- प्रो. श्रीप्रकाश सिंह, कुलपति

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 03, 2026, 21:32 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Sonipat News: डीसीआरयूएसटी में 3.39 करोड़ से संवरेंगी सुविधाएं #FacilitiesAtDCRUSTToBeUpgraded #SubahSamachar