Agra: फेसबुक पर दोस्ती पड़ गई भारी, शिक्षिका के साथ हुई ऐसी हरकत; आत्महत्या करने की कर डाली कोशिश
आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र की रहने वाली निजी स्कूल की शिक्षिका से फेसबुक फ्रेंड ने पहले पॉलिसी और फिर बिटकॉइन में निवेश के नाम पर लाखों रुपये ले लिए। रकम मांगने पर साइबर क्राइम में जेल जाने की धमकी दी। थाना हरिपर्वत और साइबर क्राइम थाना की पुलिस भेजने का डर दिखा ब्लैकमेलिंग करने लगा। पीड़िता ने आत्महत्या करने की कोशिश की। पति को जानकारी हुई तो उसने शिक्षिका के साथ एसीपी हरीपर्वत से शिकायत की है। पीड़िता ने बताया कि कुछ माह पूर्व उनकी फेसबुक आईडी पर विशाल शर्मा नाम से एक फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। स्वीकार करने के बाद युवक दोस्ती का दबाव बनाने लगा। उन्होंने मना कर दिया तो आरोपी ने एक बैंक की हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी के बारे में बात शुरू की। ऑफर ठीक लगने पर उन्होंने हरिपर्वत क्षेत्र में मिलकर युवक को पॉलिसी कराने के लिए 25 हजार रुपये दे दिए। आरोपी ने पॉलिसी के कागज नहीं दिए और बहाने बनाकर दो बार में 14,400 रुपये ले लिए। इसके बाद उसने रुपये बिटकॉइन में निवेश की जानकारी दी। निवेश में दोगुना मुनाफा होने की जानकारी देने लगा। कई बार में अलग-अलग राशि ले गया। जब उन्होंने मुनाफे की रकम मांगी तो आरोपी धमकाने लगा। साइबर क्राइम में फंसाने की धमकी देने लगा। स्कूल में आकर बेइज्जत करने की धमकी देने लगा। उन्होंने डरकर कान के कुंडल,अंगूठी आदि बेचकर उसकी मांग पूरी की। आरोपी ने इसके बाद खुद के साइबर अपराध में जेल जाने की जानकारी दी और उनका नाम मामले में लिखवाने की बात कही। इसके बाद कभी हरीपर्वत थाना की पुलिस भेजने तो कभी साइबर क्राइम थाना की किसी उमा के नाम पर रकम मांगने लगा। परेशान होकर उन्होंने आत्महत्या करने की सोची। पति को वीडियो भेजकर इसके बारे में बता दिया। पति ने उन्हें फोन पर समझाते हुए कुछ देर रुकने को कहा। पति को उन्होंने पूरी जानकारी दी। पति ने आरोपी के बनाए वीडियो पीड़िता ने बताया कि पति ने उनके साथ जाकर आरोपी को पकड़ा। उससे बातचीत करते हुए वीडियो बनाया। आरोपी उन्हें भी पुलिस के चंगुल से निकालने का दावा करते हुए बातों में फंसाने लगा। इसके बाद मंगलवार को पीड़िता ने साक्ष्य के साथ एसीपी हरीपर्वत अक्षय महाडिक से शिकायत की। एसीपी ने बताया कि मामले की जांच साइबर क्राइम थाना को दी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 18, 2026, 09:52 IST
Agra: फेसबुक पर दोस्ती पड़ गई भारी, शिक्षिका के साथ हुई ऐसी हरकत; आत्महत्या करने की कर डाली कोशिश #CityStates #Agra #UttarPradesh #AgraCyberFraudCase #FacebookFriendScam #BitcoinInvestmentFraudIndia #InsurancePolicyScam #CyberCrimeAgra #BlackmailCaseTeacher #OnlineFinancialFraud #आगरासाइबरठगी #फेसबुकफ्रेंडफ्रॉड #बिटकॉइननिवेशठगी #SubahSamachar
