Chamba News: रोबोटिक दौर में 20 साल पुराने उपकरण से आंखों का इलाज
खास खबर12 साल पुराना माइक्रोस्कोप खराब, व्यवस्था पर उठ रहे सवालकॉलेज प्रबंधन खराब माइक्रोस्कोप को ठीक करने में नहीं दिखा रहा दिलचस्पीसंवाद न्यूज एजेंसीचंबा। आधुनिकता के दौर में पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में नेत्र रोगियों का इलाज 20 साल पुराने उपकरण से किया जा रहा है। 12 साल पुराना माइक्रोस्कोप खराब हो गया तो प्रबंधन ने उसे ठीक करवाने के बजाय विशेषज्ञ को 20 साल पुराने माइक्रोस्कोप से नेत्र राेगियों का इलाज करने का परामर्श दिया। न चाहते हुए भी विशेषज्ञ इतने पुराने उपकरण से मरीजों का इलाज करने को मजबूर हैं क्योंकि, उनके पास अन्य कोई भी विकल्प उपलब्ध नहीं है। दो माह पहले जो माइक्रोस्कोप खराब हो गया था, उसे अभी तक ठीक नहीं करवाया गया है। आंखों की बीमारी का इलाज करने के लिए इस उपकरण की सबसे ज्यादा जरूरत रहती है। मेडिकल कॉलेज में हर माह 100 से अधिक मरीजों के आंखों के ऑपरेशन किए जाते हैं। स्थानीय लोगों जय सिंह, विनोद कुमार, रंजीत शर्मा, संजय शर्मा, महिंद्र सिंह, रवि कुमार, सुरेश ठाकुर और योगराज ने बताया कि आधुनिकता के दौर में जहां रोबोटिक उपकरणों की बातें की जा रही हैं वहीं, आकांक्षी जिले के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान में 20 साल पुराने उपकरण से मरीजों का इलाज किया जा रहा है। हैरानी इस बात की है कि न तो सत्ता पक्ष के नेता इस व्यवस्था को बदलने में दिलचस्पी दिखा रह हैं और न ही विपक्ष के नेता इस मुद्दे को उठा रहे हैं। इसकी वजह से आम लोगों को मेडिकल कॉलेज में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। डॉक्टर तो मरीजों को बेहतर सेवाएं दे रहे हैं लेकिन लचर व्यवस्था उनकी सेवाओं को प्रभावित कर रही है। मेडिकल कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. मानिक सहगल ने बताया कि खराब माइक्रोस्कोप को जल्द ठीक करवाया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 30, 2026, 15:56 IST
Chamba News: रोबोटिक दौर में 20 साल पुराने उपकरण से आंखों का इलाज #EyeTreatmentUsing20-year-oldEquipmentInTheRoboticEra #SubahSamachar
