एक्सप्लेनर: भगत सिंह की कहानी; कैसे शुरू हुआ क्रांतिकारी बनने का सफर, किन घटनाओं ने बदली उनकी सोच?
आज 28 सितंबर को शहीद भगत सिंह का जयंती है। भगत सिंह का जन्म 28 सितंबर 1907 को पंजाब के लायलपुर जिले के बंगा गांव में हुआ था। उनके जन्म के समय ही परिवार का संबंध ब्रिटिश शासन के विरोध से जुड़ा हुआ था। उनके चाचा सरदार अजीत सिंह और लाला लाजपत राय को ब्रिटिश सरकार ने गिरफ्तार कर बर्मा भेज दिया था। इसी दौरान भगत सिंह के पिता सरदार किशन सिंह और चाचा सरदार स्वर्ण सिंह को भी ब्रिटिश शासन के खिलाफ भाषण देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। स्वर्ण सिंह की जेल में ही मृत्यु हो गई। आखिर किन घटनाओं ने भगत सिंह की सोच को आकार दिया और उन्हें क्रांतिकारी आंदोलन की राह पर ले गईं आइए जानते हैं। बचपन में भगत सिंह को पढ़ाई के साथ खेतों में समय बिताना पसंद था। उन्होंने अपने बड़े भाई जगत सिंह के साथ बंगा के प्राथमिक स्कूल में पढ़ाई शुरू की। लेकिन 11 साल की उम्र में जगत सिंह की मृत्यु हो गई। इस घटना का भगत सिंह पर गहरा असर पड़ा। इसके बाद उनके पिता सरदार किशन सिंह लाहौर के पास नवांकोट चले गए, जहां उनके पास जमीन थी। भगत सिंह को आगे की पढ़ाई के लिए स्कूल में दाखिला दिलाना था। उस समय सिख परिवारों में बच्चों को खालसा हाई स्कूल भेजना आम था, लेकिन किशन सिंह को वहां के अधिकारियों के ब्रिटिश सरकार के प्रति वफादार रुख से आपत्ति थी। इसलिए उन्होंने भगत सिंह को लाहौर के डीएवी स्कूल में पढ़ाया। डीएवी स्कूल से मैट्रिक की परीक्षा पास करने के बाद भगत सिंह ने नेशनल कॉलेज में दाखिला लिया। यह कॉलेज उस समय ब्रैडला हॉल की इमारत में चलता था। कॉलेज में उनकी नजदीकी सुखदेव और यशपाल से हुई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Sep 26, 2026, 19:15 IST
एक्सप्लेनर: भगत सिंह की कहानी; कैसे शुरू हुआ क्रांतिकारी बनने का सफर, किन घटनाओं ने बदली उनकी सोच? #IndiaNews #National #AmarujalaExplainer #BhagatSingh #BhagatSinghJayanti #RevolutionaryMovement #IndianFreedomStruggle #JallianwalaBagh #HindustanSocialistRepublicanAssociation #LahoreConspiracyCase #AssemblyBombCase #SaundersCase #SubahSamachar
