Etawah: ओएचई में आई खराबी, डाउन रेलवे ट्रैक एक घंटे रहा बाधित, वंदे भारत, शताब्दी समेत कई ट्रेनें रही प्रभावित
हावड़ा-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर बुधवार शाम इटावा-सरायभूपत रेलवे स्टेशन के बीच डाउन लाइन रेलवे की ओएचई में तकनीकी खराबी आ गई। इस दौरान आने वाली वंदे भारत, शताब्दी, गोमती, अलीगढ़-गोविंदपुरी समेत छह ट्रेनों को इटावा समेत जसवंतनगर, बलरई स्टेशन पर रोका गया। रेलवे इंजीनियरों की टीम ने करीब एक घंटे मशक्कत के बाद रेलवे ट्रैक बहाल कर दिया। इसके बाद ट्रेनों का आवागमन शुरू हो सका। बुधवार शाम करीब छह बजे इटावा-सरायभूपत रेलवे स्टेशन के बीच डालन लाइन पर ओएचई लाइन में तकनीकी खराबी आ गई। इस दौरान डाउन लाइन पर आने वाली ट्रेनों को बलरई, जसवंतनगर व इटावा जंक्शन पर रोका गया। इस दौरान बनारस से दिल्ली जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को इटावा जंक्शन पर रोका गया। इसके अलावा अलीगढ़-गोविंदपुरी सुपरफास्ट मेमू को जसवंतनगर रेलवे स्टेशन, टूंडला-कानपुर सेंट्रल, शताब्दी को बलरई रेलवे स्टेशन पर रोका गया। रेलवे इंजीनियरों की टीम ने रेलवे लाइन में आई खराबी को करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद करीब सात बजे लाइन को दुरुस्त कर लिया। इसके बाद डाउन लाइन पर खड़ी ट्रेनों को निकाला गया। इस मामले में उत्तर-मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि इटावा-सरायभूपत रेलवे स्टेशन के बीच शाम छह बजे ओएचई लाइन में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके बाद डाउन लाइन ठप हो गई थी। इंजीनियरों की टीम ने करीब एक घंटे बाद उसे दुरुस्त कर लिया। इसके बाद रोकी गई ट्रेनों को निकाला गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 18, 2026, 20:36 IST
Etawah: ओएचई में आई खराबी, डाउन रेलवे ट्रैक एक घंटे रहा बाधित, वंदे भारत, शताब्दी समेत कई ट्रेनें रही प्रभावित #CityStates #Etawah #Kanpur #UttarPradesh #EtawahNews #UpNews #RailwayTrack #SubahSamachar
