काशी में ऊर्जा मंत्री की बैठक: बोले- नालों की सफाई, जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त कराएं; लापरवाही अक्षम्य
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बुधवार को सर्किट हाउस में बैठक कर जलभराव, जल निकासी और बिजली व्यवस्था की समीक्षा की। कैबिनेट मंत्री ने बारिश के कारण उत्पन्न जलभराव की स्थिति का जायजा लेते हुए वर्तमान स्थिति पर नाराजगी जताई। अधिकारियों को तत्काल सभी आवश्यक कदम उठाकर नागरिकों को राहत पहुंचाने के कड़े निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि जलभराव की समस्या के स्थायी एवं प्रभावी समाधान के लिए नालों की सफाई, जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त कराएं। जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। बारिश के दौरान कहीं भी जल निकासी बाधित न हो और लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने सीवर एवं जल निकासी व्यवस्था को भी प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक व पर्यटन नगरी में जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। बैठक पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल आदि मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 26, 2026, 23:28 IST
काशी में ऊर्जा मंत्री की बैठक: बोले- नालों की सफाई, जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त कराएं; लापरवाही अक्षम्य #CityStates #Varanasi #VaranasiNews #LatestNews #BigNews #TodayNews #UpNews #HindiNews #TopNews #SubahSamachar
