Una News: नपं गगरेट के वार्ड पांच में अतिक्रमण बरकरार, पक्के रास्ते का निर्माण अधूरा

गगरेट (ऊना)। नगर पंचायत गगरेट के वार्ड पांच में लंबे समय से अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सरकारी रास्ता पक्का न होने से विशेषकर बरसात के दिनों में स्थिति और दयनीय हो जाती है। स्थानीय लोगो ने जिला प्रशासन से मांग की है कि समस्या पर संज्ञान लेते हुए जल्द रास्ते से अतिक्रमण हटवाकर उसे पक्का किया जाए।नगर वासियों का कहना है कि स्थानीय सरकारी रास्ते पर फूलवारी लगा कर किया गया अतिक्रमण हादसों को न्योता दे रहा है। आए दिन इस स्थान पर हादसे होते रहते हैं। अपर गगरेट को जाने वाले इस रास्ते में प्रतिदिन दर्जनों वाहन और सैकड़ों राहगीर गुजरते हैं। रास्ते से गुजरने वाले नन्हे स्कूली बच्चों को भी हर समय यहां हादसों का भय बना रहता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है और लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। हैरानी की बात यह है कि इसी वार्ड से पार्षद रहे प्रतिनिधि नगर पंचायत के अध्यक्ष पद तक पहुंच चुके हैं लेकिन इसके बावजूद इलाके में न तो अतिक्रमण हट पाया और न ही बहुप्रतीक्षित रास्ते का निर्माण हो सका।स्थानीय निवासी तुषार शर्मा , आशीष, सोहन और विजय का कहना है कि कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष इस समस्या को उठाया गया लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला। उन्होंने मांग की है कि प्रशासन स्वयं आगे आकर लोगों की समस्या का समाधान करे। नगर वासियों ने उम्मीद जताई है कि क्षेत्र में चुनावी माहौल गरमाने के साथ इस बार उनके क्षेत्र की इस पुरानी समस्या का समाधान जरूर होगा और अतिक्रमण हटवाकर पक्का रास्ता बनाया जाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 30, 2026, 00:09 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: नपं गगरेट के वार्ड पांच में अतिक्रमण बरकरार, पक्के रास्ते का निर्माण अधूरा #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar