कप्तानगंज में मुठभेड़: चोरी के आभूषण लेने जा रहे 2 बदमाश गोली लगने से घायल, दर्ज हैं 29 केस; खोज रही थी पुलिस
आजमगढ़ के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में सोमवार की भोर पुलिस की मुठभेड़ में अंतरजनपदीय चोरी गिरोह के दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। आरोपियों की पहचान शहर कोतवाली क्षेत्र के ब्रह्मस्थान कोइरान निवासी दीपक उर्फ देवदत्त गोड (28) और हीरापट्टी निवासी दिनेश कुमार उर्फ लकी (35) के रूप में हुई है। दीपक के खिलाफ 13 और दिनेश के खिलाफ 16 मामले दर्ज हैं। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि रविवार की रात वह टीम के साथ देउरपुर से कोयलसा जाने वाले मार्ग पर जफरामऊ बाग तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक ऑटो को रोकने का इशारा किया गया तो चालक ने गति बढ़ा दी। पुलिस ने दोबारा रोकने का प्रयास किया तो ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रुक गया। उसमें से उतरे दो व्यक्तियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया है। फील्ड यूनिट घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। मुठभेड़ और असलहे की बरामदगी के संबंध में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 19, 2026, 06:50 IST
कप्तानगंज में मुठभेड़: चोरी के आभूषण लेने जा रहे 2 बदमाश गोली लगने से घायल, दर्ज हैं 29 केस; खोज रही थी पुलिस #CityStates #Varanasi #Azamgarh #PoliceEncounter #TheftAccused #Deepak #Dinesh #SubahSamachar
