Gorakhpur News: डीडीयू में कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, मांगें मानने पर बहाल हुआ कामकाज
छात्रनेताओं और कर्मचारियों के बीच हुए विवाद के बाद किया कार्य बहिष्कारगोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में कर्मचारियों और छात्रनेताओं के बीच हाल ही में हुए विवाद के बाद शनिवार को कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने प्रशासनिक भवन के सामने आमसभा आयोजित कर स्थिति पर चर्चा की और सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।आमसभा में कर्मचारियों ने प्रस्ताव रखा कि विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें सीधे संबंधित पटल सहायक के पास भेजने के बजाय विश्वविद्यालय की ओर से अधिकृत एजेंसी के काउंटर पर आवेदन जमा कराया जाए। इसके बाद एजेंसी आवेदन संबंधित विभाग तक पहुंचाएगी और आवश्यक सत्यापन के बाद समस्या का समाधान किया जाएगा। कर्मचारियों का कहना था कि इस व्यवस्था से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता आएगी और अनावश्यक विवादों की संभावना कम होगी। बैठक के दौरान कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग उठाई। उनका कहना था कि हाल में हुई घटनाओं को देखते हुए कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी कर्मचारी के साथ मारपीट या दुर्व्यवहार की घटना होने पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।हालांकि, देर शाम विश्वविद्यालय प्रशासन और कर्मचारियों के बीच सहमति बन गई। कुलपति ने कर्मचारियों की प्रमुख मांग स्वीकार करते हुए विद्यार्थियों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम आधारित ग्रीवांस सेल के गठन की घोषणा कर दी। इसके बाद कर्मचारियों ने अपना कार्य बहिष्कार वापस ले लिया और विश्वविद्यालय का कामकाज सामान्य रूप से बहाल हो गया।छात्रों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागूकुलपति के निर्देश पर छात्रों की परीक्षा संबंधी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए सिंगल विंडो सिस्टम ऑफ ग्रीवांस सेल का गठन कर दिया गया है। अब छात्रों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग पटलों के चक्कर अब नहीं लगाने पड़ेंगे। शिकायतें एक ही काउंटर पर दर्ज की जाएंगी, जहां ऑपरेटर आवेदन प्राप्त कर उसका पंजीकरण करेगा। इसके बाद शिकायत संबंधित अधिकारी अथवा पटल सहायक को आवेदन भेजा जाएगा। आवेदन भेजने के दौरान ही निर्धारित समय में निस्तारण कराने पर सबसे अहम जोर रहेगा। परीक्षा नियंत्रक डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि छात्रों की सुविधा को देखते हुए सिंगल विंडो सिस्टम लागू कर दिया गया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 07, 2026, 01:50 IST
Gorakhpur News: डीडीयू में कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, मांगें मानने पर बहाल हुआ कामकाज #EmployeesProtestAtDDU #WorkResumesAfterDemandsAreMet #SubahSamachar
