Meerut News: गन्ना फसल की सुरक्षा और उत्पादकता बढ़ाने पर दिया जोर

संवाद न्यूज एजेंसीरोहटा। बजाज शुगर मिल किनौनी के पूठ जोन में गन्ना फसल की सुरक्षा और उत्पादकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान गन्ना महाप्रबंधक जयवीर सिंह ने अधिकारियों की टीम के साथ क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर किसानों को फसल प्रबंधन की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान गांव सतवाई में पेड़ी की फसल में चोटी बेधक (टॉप बोरर) से प्रभावित पौधों की मौके पर ही कटाई करवाई गई। किसानों को ऐसे प्रभावित पौधों को जमीन के स्तर से काटकर नष्ट करने की सलाह दी गई। किसानों को खेतों में हल्की सिंचाई के बाद पैर चिपकने की अवस्था में प्रति बीघा 5 किलोग्राम यूरिया के प्रयोग तथा टिलरिंग के बाद अगली सिंचाई पर 1 किलोग्राम वरटाको के उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही गन्ने में लगने वाले प्रमुख कीटों जैसे अर्ली शूट बोरर, सैनिक कीट, ब्लैक बग और ब्लैक स्मट से बचाव के उपाय भी बताए गए। अभियान के तहत रोहटा, माजरा, बाडम, रसूलपुर मढी, सतवाई, मनसबगढ़, ढडरा, अमानुल्लापुर, सलाहपुर, पूठखास और अरनावली सहित कई गांवों में निरीक्षण किया गया। इस दौरान मिल अधिकारी लोकेश राणा, सुरेंद्र सिंह तोमर, आशीष कुमार त्यागी, सचिन सांगवान, गुलशन सोम, नीशु दहिया सहित कई किसान मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 18, 2026, 20:35 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Meerut News: गन्ना फसल की सुरक्षा और उत्पादकता बढ़ाने पर दिया जोर #EmphasisOnProtectingSugarcaneCropAndIncreasingProductivity #SubahSamachar