Sonipat News: मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे पात्र नागरिक
खरखौदा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान जारी है। एसडीएम एवं निर्वाचक पंजीयन अधिकारी खरखौदा अमित कुमार ने पात्र नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।एसडीएम ने बताया कि अभियान का उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे और अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची से हटाया जा सके। इसके लिए प्रत्येक मतदाता को अपना गणना प्रपत्र सावधानीपूर्वक भरना होगा। संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) इस प्रक्रिया में मतदाताओं की सहायता करेंगे। उन्होंने कहा कि मतदाता हाल ही में खिंचवाई गई पासपोर्ट आकार की रंगीन फोटो अपने पास रखें। समय पर भरा हुआ प्रपत्र संबंधित बीएलओ को उपलब्ध करवाएं। साथ ही जमा किए गए प्रपत्र की एक प्रति अपने रिकार्ड के लिए सुरक्षित रखें। यदि किसी कारणवश कोई मतदाता घर पर उपलब्ध नहीं है तो परिवार का कोई वयस्क सदस्य उसकी ओर से प्रपत्र भरकर हस्ताक्षर कर सकता है, लेकिन संबंध का स्पष्ट उल्लेख करना होगा। एसडीएम ने बताया कि मतदाता अपना नाम वर्तमान अथवा पूर्व की मतदाता सूची में आनलाइन भी जांच सकते हैं। इसके अलावा ईसीआई नेट मोबाइल एप के माध्यम से भी बीएलओ से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से 21 जुलाई को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचने व त्रुटि मिलने पर निर्धारित अवधि में दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अपील की।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 28, 2026, 19:57 IST
Sonipat News: मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे पात्र नागरिक #EligibleCitizensShouldNotMissOutOnGettingTheirNamesRegisteredInTheVoterList. #SubahSamachar
