हादसे की दर्दनाक तस्वीरें: कंटेनर में करंट के बाद भयानक मंजर, जिंदा जल गए चचेरे भाई; बेबस गांव सुनता रहा चीखें
जिस घर में नए वाहन के आने की खुशियां मनाई जा रहीं थीं। चार महीने बाद परिवार में विवाह समारोह होना था, वहां शुक्रवार शाम को नियति ने ऐसा क्रूर खेल खेला कि पूरा गांव आंसुओं में डूब गया। जलेसर के मिसौली गांव के पास हाईटेंशन लाइन का तार दो सगे चचेरे भाइयों के लिए काल बन गया। आठ दिन पहले खरीदे गए कंटेनर में करंट दौड़ने से बंटी गौतम और उनके चचेरे भाई रमन की मौत हो गई। एक साथ उठी दो भाइयों की अर्थियों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना शाम करीब पांच बजे की है। गांव के रास्ते पर आम दिनों की तरह चहल-पहल थी। बंटी अपना नया कंटेनर लेकर गांव की ओर आ रहे थे। घर से महज 300 मीटर पहले अचानक गाड़ी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की जद में आ गई। देखते ही देखते कंटेनर के टायरों से धुआं निकलने लगा और वह धू-धू कर जलने लगा। गाड़ी में करंट दौड़ता देख मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण मदद के लिए दौड़े लेकिन चारों तरफ फैले जानलेवा करंट के खौफ के कारण कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 27, 2026, 05:08 IST
हादसे की दर्दनाक तस्वीरें: कंटेनर में करंट के बाद भयानक मंजर, जिंदा जल गए चचेरे भाई; बेबस गांव सुनता रहा चीखें #CityStates #Agra #Etah #Mathura #Mainpuri #Kasganj #Firozabad #Aligarh #UttarPradesh #JalesarAccident #SubahSamachar
