Uk: सिलिंडर न मिलने पर लकड़ी लेने गई मां, हाथी ने बेटी के सामने ले ली जान; तीन दिन पहले खत्म हो गई थी गैस

तराई केंद्रीय वन प्रभाग के टांडा रेंज के जंगल में लकड़ी बीनने गई महिला पर हाथी (टस्कर) ने हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वन विभाग और पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाया जाएगा। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे झा कॉलोनी पंतनगर निवासी मैना देवी (70) अपनी बेटी और एक महिला के साथ सांप कठानी क्षेत्र में लकड़ी बीनने गई थीं। दोपहर करीब दो बजे अचानक एक टस्कर वहां आ गया। उसे देखते ही तीनों घबरा गईं। मैना देवी ने अपनी बेटी और दूसरी महिला को जान बचाकर भाग जाने के लिए कहा। दोनों वहां से खत्तों की ओर भाग गईं। मैना देवी घर की ओर भागने लगीं। तभी हाथी ने सूंड से उसे पटककर मार डाला। इसी सांप कठानी क्षेत्र में गुरुवार को भी एक घटना हुई थी। उस दिन लालकुआं के दो व्यक्तियों को हाथी ने मौत के घाट उतार दिया था। आशंका जताई जा रही है कि उन्हीं दो लोगों को मारने वाले हाथी ने मैना देवी पर हमला किया। घटना के बाद वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की। स्थानीय लोगों में इस घटना से भय का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से जंगल में अकेले न जाने की अपील की है। हाथी के हमले में महिला की मौत के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। महिला का शव बरामद कर लिया है। पोस्टमार्टम की कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद महिला के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। - यूसी तिवारी, डीएफओ

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 02, 2026, 06:59 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Uk: सिलिंडर न मिलने पर लकड़ी लेने गई मां, हाथी ने बेटी के सामने ले ली जान; तीन दिन पहले खत्म हो गई थी गैस #CityStates #UdhamSinghNagar #UttarakhandNews #UkNews #ElephantAttack #WomenKilled #SubahSamachar