Mandi News: आठ घंटे की बारिश, शहर से गांव तक जलभराव
जोगिंद्रनगर में बाढ़ जैसे हालात, 20 से अधिक दुकानों में घुसा पानीअस्पताल, महाविद्यालय और लघु सचिवालय भी प्रभावितसंवाद न्यूज एजेंसीजोगिंद्रनगर (मंडी)। आठ घंटे तक हुई बारिश ने उपमंडल में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। रविवार देर रात करीब एक बजे शुरू हुई बारिश सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे तक जारी रही। इससे शहर से लेकर गांवों तक बाढ़ जैसे हालात बन गए। बाजारों की 20 से अधिक दुकानों में पानी घुस गया। खेत-खलिहान भी जलमग्न होने से फसलें प्रभावित हुई हैं।बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन चौक तक सड़कें पानी में डूब गईं। कई दोपहिया वाहन पानी में फंस गए, जबकि कई स्थानों पर चौपहिया वाहनों के टायर तक डूब गए। एनएसी मार्केट, साईं बाजार, पुलिस थाना चौक, कन्या पाठशाला, मीट मार्केट और पठानकोट चौक सहित कई क्षेत्रों में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी हुई। रणा, गुगली और बजगर खड्ड में जलस्तर बढ़ने से आसपास के लोगों ने पूरी रात सतर्कता के साथ गुजारी।तेज बारिश का असर सरकारी संस्थानों में भी देखने को मिला। अस्पताल के कॉन्फ्रेंस हॉल और ऑपरेशन थियेटर में पानी का रिसाव होने से अफरा-तफरी का माहौल रहा। कॉलेज परिसर और वहां जाने वाले मार्गों पर जलभराव से विद्यार्थियों को कक्षाओं तक पहुंचने में कठिनाई हुई। मिनी सचिवालय में भी बारिश का पानी घुस गया। कृषि विभाग के खेतों में पानी भरने से वहां लगी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।बारिश के कारण एथलेटिक सेंटर में जलभराव होने से सभी खेल गतिविधियां रद्द करनी पड़ीं। इससे भारतीय सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे 200 से अधिक खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर सके। चौंतड़ा और डोहग के खेल मैदानों में भी क्रिकेट और फुटबाल प्रतियोगिताएं स्थगित करनी पड़ीं।उधर, उपमंडल प्रशासन ने नदी-नालों में बढ़े जलस्तर को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। एसडीएम मनीश चौधरी ने बताया कि अभी तक किसी बड़े जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 06, 2026, 17:46 IST
Mandi News: आठ घंटे की बारिश, शहर से गांव तक जलभराव #EightHoursOfRain;WaterloggingFromCityToVillage. #SubahSamachar
