Roorkee News: प्राचीन शिव मंदिर के पास आठ बीघा सरकारी भूमि कब्जा मुक्त कराई
नगर पंचायत इमलीखेड़ा ने स्वच्छता और सौंदर्यीकरण की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए प्राचीन शिव मंदिर के पास स्थित लगभग आठ बीघा सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया है। लंबे समय से इस भूमि पर नगरवासियों की ओर से कूड़ा-कचरा और गोबर डाले जाने के कारण गहरे गड्ढे बन गए थे। इससे क्षेत्र की स्वच्छता और सुंदरता प्रभावित हो रही थी।नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार सैनी ने बताया कि नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से ट्रैक्टर की सहायता से भूमि से कूड़ा हटवाया गया और उसे समतल कराया गया है। उन्होंने कहा कि कब्जा मुक्त कराई गई इस भूमि पर शिवरात्रि पर भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ दंगल, कबड्डी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसके अलावा इसी स्थल पर रामलीला मंचन भी कराया जाएगा।अध्यक्ष ने कहा कि भूमि के कब्जामुक्त होने से प्राचीन शिव मंदिर के आसपास का क्षेत्र अब और अधिक स्वच्छ व सुंदर दिखाई देगा। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि नगर को साफ-सुथरा बनाए रखने में नगर पंचायत का सहयोग करें और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाएं।वहीं नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी (ईओ) मंजू चौहान ने कहा कि नगर पंचायत की सरकारी संपत्तियों पर हो रहे अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि कूड़ा केवल वाहन में ही डालें और स्वच्छता नियमों का पालन करें। इस अवसर पर सभासद अजय कुमार, अभिषेक, सचिन पाल, मेहरबान, सौरभ, शिवकुमार, नितिन कुमार सहित नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 06, 2026, 18:26 IST
Roorkee News: प्राचीन शिव मंदिर के पास आठ बीघा सरकारी भूमि कब्जा मुक्त कराई #EightBighasOfGovernmentLandNearTheAncientShivaTempleWereFreedFromEncroachment #SubahSamachar
