पंजाब के पूर्व मंत्री पर ईडी रेड: सुबह पांच बजे सुंदर शाम अरोड़ा के घर पहुंची टीम, वकील बोले-कारण नहीं बताया

पंजाब की कांग्रेस सरकार में उद्योग मंत्री रहे वरिष्ठ नेता सुंदर शाम अरोड़ा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सोमवार सुबह करीब पांच बजे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने होशियारपुर स्थित उनके आवास पर छापेमारी की। टीम ने आवास को घेरकर जांच शुरू कर दी। सुंदर शाम अरोड़ा के वकील एडवोकेट एचएस सैनी ने बताया कि अधिकारियों से बातचीत के दौरान उन्हें जानकारी मिली है कि जांच के लिए पहुंची टीम प्रवर्तन निदेशालय के चंडीगढ़ कार्यालय से संबंधित है। उन्होंने कहा कि अभी तक अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह कार्रवाई किस मामले के संबंध में की जा रही है। हालांकि, टीम की ओर से कुछ दस्तावेज मांगे गए हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी आयकर विभाग की टीम अरोड़ा के आवास पर लगातार करीब तीन दिन यानी लगभग 62 घंटे तक जांच कर चुकी है। उस समय अरोड़ा ने दावा किया था कि आयकर विभाग की कार्रवाई उनके बेटे के प्रॉपर्टी कारोबार से संबंधित थी। उन्होंने यह भी कहा था कि जांच के दौरान अधिकारियों को कोई गैरकानूनी सामग्री नहीं मिली थी। फिलहाल ईडी की ताजा कार्रवाई के कारणों और मांगे गए दस्तावेजों के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एजेंसी की ओर से भी कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 02, 2026, 06:53 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




पंजाब के पूर्व मंत्री पर ईडी रेड: सुबह पांच बजे सुंदर शाम अरोड़ा के घर पहुंची टीम, वकील बोले-कारण नहीं बताया #CityStates #Chandigarh-punjab #Punjab #Jalandhar #EdRaid #SundarShamArora #SubahSamachar