Kangra News: भूकंप के झटकों से मकान में आई दरारें, दहशत में परिवार

शाहपुर (कांगड़ा)। कांगड़ा जिले में आए भूकंप के झटकों ने लोगों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की पंचायत क्यारी के तहत आने वाले महाड़ गांव में भूकंप के कारण एक मकान को नुकसान पहुंचा है। गांव के निवासी जिगरी राम पुत्र धनी राम के चार कमरों वाले स्लेटपोश और पक्के मकान में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। इससे भवन असुरक्षित हो गया है।जिगरी राम ने बताया कि झटकों के कारण मकान की पिछली दीवार में न सिर्फ गहरी दरार आई है, बल्कि दीवार करीब एक फुट पीछे की ओर खिसक गई है। इसके अलावा स्लेटपोश छत को सहारा देने वाली एक कैंची भी टूटकर नीचे गिर गई है। पूरे मकान में कई जगहों पर चौड़ी दरारें उभर आई हैं। इस घर में परिवार के छह सदस्य रहते हैं। मकान की मौजूदा खस्ताहाल स्थिति को देखते हुए अब इस भवन में रहना उनकी जान के लिए बेहद जोखिम भरा हो गया है। डरे हुए परिवार और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नुकसान का जल्द से जल्द आकलन कर प्रभावित परिवार को तत्काल राहत प्रदान की जाए। उधर, सूचना मिलने के बाद पंचायत क्यारी की प्रधान मंजू देवी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उधर, हलका पटवारी वीर सिंह ने मौके पर मुआयना कर नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को भेज दी है। उन्होंने कहा कि भूकंप के झटकों के कारण मकान 80 फीसदी तक असुरक्षित हो गया है। नियमों के अनुसार प्रशासन जल्द फौरी राहत प्रदान की जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 06, 2026, 17:44 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kangra News: भूकंप के झटकों से मकान में आई दरारें, दहशत में परिवार #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar