Ayodhya News: महापौर से मिले ई-रिक्शा चालक, राहत की मांग

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से रामपथ पर लता चौराहे से टेढ़ीबाजार तक प्रतिबंध लागू करते हुए रूट निर्धारण किया गया है। इस निर्णय के चलते बैट्री रिक्शा संचालन बंद होने से सैकड़ों चालक प्रभावित हुए हैं। बुधवार को बैट्री रिक्शा चालकों ने महापौर गिरीश पति त्रिपाठी से उनके आवास पर मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। बड़ी संख्या में पहुंचे चालकों ने रोजगार ठप होने और वैकल्पिक व्यवस्था न होने की बात प्रमुखता से उठाई। महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने चालकों की समस्याओं को सुनते हुए आश्वासन दिया कि वह इस विषय में मंडलायुक्त एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से वार्ता कर शीघ्र समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जनहित और गरीब तबके की रोजी-रोटी से जुड़े मामलों में प्रशासन संवेदनशील है और संतुलित निर्णय लिया जाएगा। बैट्री रिक्शा चालकों ने महापौर के सकारात्मक रुख पर भरोसा जताते हुए जल्द राहत मिलने की उम्मीद व्यक्त की है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 04, 2026, 20:51 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Ayodhya News: महापौर से मिले ई-रिक्शा चालक, राहत की मांग #E-rickshawDriversMetWithTheMayor #DemandingRelief #SubahSamachar