Maharajganj News: चांदी महंगी तो छोटा हुआ मां का छत्र, कम वजन की मांग

महराजगंज। चांदी की चमक ने देवी मां को चढ़ाए जाने वाले छत्र को महंगा कर दिया है। पहले श्रद्धालु नवरात्र में 50 ग्राम या उससे अधिक वजन का छत्र खरीदते थे, वहीं इस बार चांदी महंगी होने के कारण लोग 15 ग्राम वाले लाइटवेट छत्र की तलाश सराफा बाजार में कर रहे हैं। नवरात्र में देवी जगदंबा को छत्र अर्पित करने की परंपरा है।सराफा कारोबारी राजकुमार वर्मा ने बताया कि उनके यहां अब तक 75 छत्र बिक चुके हैं। बिक्री नवमी तक जारी रहेगी। शनिवार को चांदी की कीमत दो लाख 10 हजार रुपये प्रति किलो रही। इस रेट के मुताबिक 15 ग्राम के लाइटवेट छत्र की कीमत 3000 रुपये पड़ रही है। मेकिंग चार्ज और जीएसटी जोड़ने पर दाम और बढ़ जा रहा है।महंगाई के कारण देवी मां के चांदी के छत्र की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। नवरात्र में देवी मां को चांदी का छत्र चढ़ाना सुख, समृद्धि और बुध-चंद्र ग्रहों के दोष निवारण का प्रतीक माना जाता है। इसी मान्यता के चलते हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु छत्र चढ़ाते हैं। पहले लोग 50 ग्राम तक के शुद्ध चांदी के छत्र बनवाते थे लेकिन इस बार चांदी के बढ़े भाव, मेकिंग चार्ज और जीएसटी के कारण लाइटवेट छत्र ज्यादा बिक रहे हैं। सराफा कारोबारी गणेश वर्मा ने बताया कि चांदी के रेट ऐतिहासिक ऊंचाई पर हैं। ऐसे में ग्राहक बजट के अनुसार हल्के वजन के छत्र की मांग कर रहे हैं। 10 से 15 ग्राम के छत्र सबसे ज्यादा बिक रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि भावना बड़ी होनी चाहिए, वजन कम होने से श्रद्धा कम नहीं होती।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 18, 2026, 02:56 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Maharajganj News: चांदी महंगी तो छोटा हुआ मां का छत्र, कम वजन की मांग #DueToInflation #ThePricesOfTheSilverUmbrella(chhatra)ForTheGoddessHaveSeenASharpIncrease. #SubahSamachar