बालाघाट में पुलिस का मेगा ऑपरेशन: ड्रोन निगरानी से अवैध रेत उत्खनन का भंडाफोड़, सात ट्रैक्टर-ट्राली जब्त

बालाघाट में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई को अंजाम दिया। शनिवार सुबह बैनगंगा नदी के गोंगलईघाट क्षेत्र में पुलिस ने ड्रोन की मदद से छापा मारकर रेत से भरे सात ट्रैक्टर-ट्राली जब्त किए। खास बात यह रही कि ऑपरेशन को पूरी तरह गोपनीय रखा गया था, यहां तक कि स्थानीय थाना प्रभारी को भी इसकी जानकारी नहीं थी। इस कार्रवाई की रणनीति एसपी आदित्य मिश्रा ने तैयार की थी। अभियान सुबह करीब 7 बजे शुरू होकर दोपहर 1 बजे तक चला। कार्रवाई से पहले पुलिस ने ड्रोन के जरिए पूरे इलाके की निगरानी कर अवैध उत्खनन की सटीक लोकेशन जुटाई। इसके बाद निरीक्षक कामेश धूमकेती के नेतृत्व में छह अलग-अलग टीमें गठित की गईं, जिनमें विभिन्न थानों के पुलिसकर्मी और साइबर सेल के सदस्य शामिल थे। प्रत्येक टीम में करीब 10 से 12 जवान तैनात किए गए। जैसे ही रेत माफिया नदी से रेत भरने लगे, पुलिस ने एक साथ घेराबंदी कर छापा मार दिया। पढे़ं:उज्जैन में व्यापारिक रंजिश ने ली जान, लात-घूंसों से पीटकर व्यापारी की हत्या; आरोपी हुआ फरार अचानक हुई कार्रवाई से घबराकर ट्रैक्टर चालक और मजदूर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने स्वयं सातों ट्रैक्टर-ट्राली चलाकर कोतवाली थाने पहुंचाया। कई वाहन बिना नंबर के पाए गए हैं, जिनके मालिकों और चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। बालाघाट जिले में बैनगंगा, बाघ सहित अन्य नदियों से अवैध रेत उत्खनन का कारोबार लंबे समय से जारी है, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये में आंकी जाती है। पुलिस की इस कार्रवाई को रेत माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अवैध उत्खनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 25, 2026, 20:51 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




बालाघाट में पुलिस का मेगा ऑपरेशन: ड्रोन निगरानी से अवैध रेत उत्खनन का भंडाफोड़, सात ट्रैक्टर-ट्राली जब्त #CityStates #Crime #Balaghat #MadhyaPradesh #DroneSurveillance #7Tractor-trolleysSeized #BalaghatPoliceAction #SandMafiaTargeted #Tractor-trolleysSeizedInCovertOperationLedBy #IllegalSandMining #SubahSamachar