Kangra News: बैजनाथ की डॉ. अंशुराज को लंदन में मिली प्रतिष्ठित सदस्यता
रॉयल कॉलेज ऑफ वेटरनरी सर्जन्स की सदस्य बनीं, 13 देशों के 36 अभ्यर्थियों को मिला सम्मानसंवाद न्यूज एजेंसीबैजनाथ (कांगड़ा)। बैजनाथ-पपरोला नगर परिषद के वार्ड छह निवासी डॉ. अंशुराज ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्हें लंदन स्थित रॉयल कॉलेज ऑफ वेटरनरी सर्जन्स (आरसीवीएस) की सदस्यता प्रदान की गई है। 29 अक्तूबर को आयोजित समारोह में कॉलेज के अध्यक्ष डॉ. टिम हिचिंस ने 13 देशों के 36 सफल अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र देकर पेशेवर शपथ दिलाई।डॉ. अंशुराज ने पालमपुर स्थित डॉ. जीसी नेगी पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय से पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन में स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार के पशुपालन विभाग में पशु चिकित्सा अधिकारी के रूप में सेवाएं दीं।राजकीय सेवा से असाधारण अवकाश लेकर वह विदेश गईं। संयुक्त अरब अमीरात में वरिष्ठ पशु चिकित्सक के रूप में कार्य करने के बाद ब्रिटेन पहुंचीं। यहां निर्धारित कठिन परीक्षा और मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्होंने आरसीवीएस की सदस्यता हासिल की।डॉ. अंशुराज, डॉ. निर्मला देवी और डॉ. देशराज की पुत्री हैं। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुजनों, माता-पिता, पति डॉ. विजय कुमार, बेटी किंजल और हिमाचल प्रदेश के पशुपालन विभाग को दिया। उनकी सफलता प्रदेश के पशु चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े युवाओं के लिए प्रेरणा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 31, 2026, 20:05 IST
Kangra News: बैजनाथ की डॉ. अंशुराज को लंदन में मिली प्रतिष्ठित सदस्यता #Dr.AnshurajFromBaijnathReceivesPrestigiousMembershipInLondon #SubahSamachar
