Kangra News: नगरोटा बगवां के डॉ. अनीश अंगारिया सेना में बने कैप्टन

नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। उपमंडल नगरोटा बगवां के गदियाड़ा गांव के युवा डॉ. अनीश अंगारिया ने भारतीय सेना में कैप्टन बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका चयन सेना में चिकित्सक के रूप में हुआ है। वह अब मध्य प्रदेश के महू स्थित सैन्य अस्पताल में सेवाएं देंगे। अनीश की इस उपलब्धि से परिवार और पूरे विधानसभा क्षेत्र में खुशी का माहौल है।अनीश अंगारिया ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट एडवर्ड स्कूल शिमला से प्राप्त की, जबकि उच्च शिक्षा चंडीगढ़ के गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने पंडित जवाहर लाल नेहरू गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज चंबा से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की। अनीश का कहना है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और देश सेवा का जज्बा ही उन्हें इस मुकाम तक लेकर आया है। अनीश के पिता त्रिलोक चौधरी ऊना में नेशनल इंश्योरेंस में वरिष्ठ शाखा प्रबंधक के पद पर तैनात हैं, जबकि माता सरिता चौधरी शिक्षिका हैं। उनकी छोटी बहन रिद्धिमा बीडीएस की पढ़ाई कर रही हैं। डॉ. अनीश ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के मार्गदर्शन और शिक्षकों के सहयोग को दिया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने परिवार को बधाई दी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 10, 2026, 20:18 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kangra News: नगरोटा बगवां के डॉ. अनीश अंगारिया सेना में बने कैप्टन #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar