Delhi NCR News: काली मंदिर से दानपात्र, घंटी, कलश समेत कई सामान चोरी
अमर उजाला ब्यूरोनई दिल्ली। कंझावला घेवरा इलाके में बृहस्पतिवार देर रात बदमाशों ने काली मंदिर को निशाना बनाया। बदमाश मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घंटी, दानपात्र, पंखे, कलश समेत अन्य सामान चुरा ले गए। मंदिर की देखरेख करने वाली गीता के बयान पर पुलिस ने चोरी का केस किया है। कंझावला थाने में दर्ज प्राथमिकी में 55 साल की गीता ने बताया कि वह परिवार के साथ सावदा जेजे कॉलोनी में रहती हैं। उन्होंने निजामपुर रोड स्थित घेवरा कट पर एक छोटा काली मंदिर बनाया है। जिसमें 18 सालों से सुबह-शाम पूजा-पाठ और मंदिर का रख-रखाव करती हैं। गीता ने बताया कि वह 12 मार्च को मंदिर में पूजा करने के बाद रात करीब 8.30 बजे अपने घर आ गईं। अगले दिन 13 मार्च की सुबह छह बजे मंदिर पहुंची। उसने मंदिर के मुख्य दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ पाया। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और घंटी, पंखा, दानपात्र सहित सामान गायब मिले। उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने छानबीन करने के बाद मामला दर्ज कर लिया। पुलिस मंदिर और आस पास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे के जरिए बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 16, 2026, 20:08 IST
Delhi NCR News: काली मंदिर से दानपात्र, घंटी, कलश समेत कई सामान चोरी #DonationBox #Bell #UrnAndManyOtherItemsStolenFromKaliTemple #SubahSamachar
