अमर उजाला संवाद: बरेली में सड़कों पर कुत्तों का आतंक, छतों पर बंदर मचा रहे उत्पात, लोगों ने गिनाईं समस्याएं
बरेली के प्रेम पार्क में मंगलवार को अमर उजाला की तरफ से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गांधी उद्यान व रामपुर बाग वार्ड के लोग पहुंचे। उन्होंने अपनी समस्याओं की लंबी फेहरिस्त गिनाई। बंदरों, कुत्तों व छुट्टा पशुओं की समस्या को उठाया। कहा कि सड़कों पर चलते समय कुत्तों की तरफ बंदर झपट्टा मारते हैं, इनके आतंक के कारण छत पर जाना मुश्किल हो गया है। महिलाओं ने कहा कि चौराहों पर सुंदरीकरण के नाम पर चबूतरे बनाए जा रहे हैं जो जाम का मुख्य कारण बन रहे हैं। नगर के वीआईपी इलाकों में रामपुर बाग व गांधी उद्यान वार्ड की गिनती होती है। यहां पर तमाम बड़े अधिकारियों के आवास व कॉलोनियां हैं। इसके बाद भी यहां पर जनसुविधाओं के नाम पर लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। गांधी उद्यान वार्ड में 15 हजार की आबादी व करीब 10 हजार मतदाता हैं। रामपुर बाग वार्ड में भी लगभग इतनी ही आबादी और मतदाता होंगे। इन वार्डों में बंदर के खौफ से हर कोई परेशान दिखा। किसी ने कहा कि बागवानी बंदर उजाड़ रहे हैं। घरों के बाहर लोगों का बैठना मुश्किल है। छत पर सूखने के लिए कपड़े डालो तो बंदर उठा ले जाते हैं या फिर फाड़ देते हैं। इसके लिए नगर निगम की तरफ से कोई सुधि न लेने से लोगों में निराशा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 11, 2026, 07:12 IST
अमर उजाला संवाद: बरेली में सड़कों पर कुत्तों का आतंक, छतों पर बंदर मचा रहे उत्पात, लोगों ने गिनाईं समस्याएं #CityStates #Bareilly #DogsTerrorize #Monkeys #People #SubahSamachar
