दिवाली पर अपनों को दें म्यूचुअल फंड का तोहफा: भविष्य की आर्थिक सुरक्षा में आएगा काम; कैसे करें निवेश ट्रांसफर?
हर साल दिवाली पर हम अपनों के चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए बाजार से तरह-तरह के तोहफे, चांदी के सिक्के और मिठाइयों के डिब्बे चुनते हैं। ये खुशियां पल भर के लिए होती हैं। लेकिन जरा सोचिए- क्या इस बार का तोहफा ऐसा हो सकता है, जो वक्त के साथ खुद-ब-खुद बड़ा होता जाए और आपके अपनों के भविष्य को एक मजबूत सुरक्षा चक्र दे इसका जवाब है म्यूचुअल फंड्स। तो अब सवाल है म्यूचुअल फंड्स का उपहार क्यों सबसे खास है अगर आप परिवार के किसी सदस्य को म्यूचुअल फंड्स गिफ्ट करते हैं, तो यह एक ऐसा निवेश है, जो समय के साथ लगातार बढ़ सकता है। लक्ष्यों की ओर मजबूत कदम: चाहे बच्चे की उच्च शिक्षा हो, किसी युवा जोड़े का अपना घर खरीदने का सपना हो, या फिर रिटायरमेंट के बाद वित्तीय स्वतंत्रता पाना हो, ये वित्तीय उपहार उनके सपनों को सच करने में सीधी मदद करते हैं। कंपाउंडिंग की ताकत: जितनी जल्दी आप निवेश शुरू करते हैं, पैसे को बढ़ने के लिए उतना ही अधिक समय मिलता है। चक्रवृद्धि की ताकत लंबी अवधि में आपके निवेश का मूल्य कई गुना बढ़ाने में मददगार होती है। दिवाली का यह निवेश आकार में बहुत बड़ा होना जरूरी नहीं है, बल्कि इसके पीछे की सोच और वित्तीय अनुशासन ज्यादा मायने रखता है। बच्चों के भविष्य के लिए उपहार बच्चे भविष्य के सबसे स्वाभाविक प्राप्तकर्ता होते हैं। उनकी शिक्षा और जीवन के अन्य महत्वपूर्ण पड़ाव अक्सर वर्षों दूर होते हैं, जिससे परिवारों को आगे की योजना बनाने का बेहतरीन मौका मिलता है। नाबालिग के नाम पर निवेश: माता-पिता या अभिभावक लागू नियमों और दस्तावेजों के अधीन, नाबालिग के नाम पर म्यूचुअल फंड निवेश कर सकते हैं। स्कीम का चुनाव: यदि लक्ष्य कई साल दूर है, तो बाजार के जोखिम से सहज परिवार किसी उपयुक्त इक्विटी-ओरिएंटेड योजना को चुन सकते हैं। वित्तीय साक्षरता का पाठ: इसके जरिये बच्चों को पैसे से परे एक बड़ा और जीवनोपयोगी सबक मिलता है। जैसे-जैसे वे बड़े होते हैं, माता-पिता उन्हें समझा सकते हैं कि बाजार कैसे काम करते हैं और धैर्य क्यों जरूरी है। क्या वयस्कों को भी दे सकते हैं गिफ्ट जीवनसाथी, भाई-बहन, माता-पिता या मित्र को भी म्यूचुअल फंड्स का उपहार दिया जा सकता है। यदि आपके म्यूचुअल फंड यूनिट्स डीमैट खाते में हैं, तो आप उन्हें बेचे बिना सीधे प्राप्तकर्ता के डीमैट खाते में ट्रांसफर करके गिफ्ट कर सकते हैं। इसे ऑफ-मार्केट ट्रांसफर कहा जाता है। इसके लिए बस एक शर्त है, होल्डिंग्स गिरवी, लॉक-इन या अन्य ट्रांसफर प्रतिबंधों से मुक्त होनी चाहिए। बिना डीमैट बदले ट्रांसफर कई निवेशक सीधे फंड हाउस के पास स्टेटमेंट ऑफ अकाउंट (SoA) फोलियो में यूनिट रखते हैं। इन यूनिट्स को गैर-रिश्तेदारों को भी ट्रांसफर किया जा सकता है। एक ही शर्त है कि दाता और प्राप्तकर्ता दोनों के पास वैलिडेटेड फोलियो होना अनिवार्य है। ऐसे करें गिफ्ट CAMS, KFintech या MF Central की वेबसाइट पर जाएं Transfer of MF Units टैब पर क्लिक करें पात्रता की जांच करने के लिए अपना पैन, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज करें फंड हाउस, फोलियो और स्कीम, ट्रांसफर की जाने वाली यूनिट्स की संख्या का चयन करें प्राप्तकर्ता का पैन, फोलियो नंबर, ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर दर्ज करें ट्रांसफर आमतौर पर दो कार्य दिवसों के भीतर हो जाता है। धोखाधड़ी से बचाने के लिए, ट्रांसफर की गई यूनिट्स को रिडेम्पशन के लिए दस दिनों तक लॉक रखा जाता है। टैक्स नियमों का भी ध्यान रखना जरूरी अगर आप अपने किसी रिश्तेदार को म्यूचुअल फंड्स का उपहार दे रहे हैं, तो वित्तीय संपत्ति की प्राप्ति पर कोई टैक्स नहीं लगता, हालांकि गिफ्ट देने वाले की मूल लागत ही प्राप्तकर्ता के लिए लागत बनी रहती है। अगर उपहार लेने वाला कोई गैर-रिश्तेदार है और वित्तीय संपत्ति का मूल्य 50,000 रुपये से अधिक है, तो यह अन्य स्रोतों से आय मानी जाती है और इस पर स्लैब के अनुसार टैक्स लगता है। डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से है, निवेश सलाह नहीं। म्यूचुअल फंड निवेश बाजार जोखिमों के अधीन हैं। निवेश से पहले योजना से जुड़े दस्तावेज पढ़ें और जरूरत पड़ने पर योग्य वित्तीय या कर सलाहकार से परामर्श लें।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 26, 2026, 02:59 IST
दिवाली पर अपनों को दें म्यूचुअल फंड का तोहफा: भविष्य की आर्थिक सुरक्षा में आएगा काम; कैसे करें निवेश ट्रांसफर? #BusinessDiary #Bonus #National #GiftMutualFunds #SubahSamachar
