मॉडल राशन शॉप की जमीन पर विवाद: पुलिस पहरे में हुई पैमाइश, अब DM से न्याय की गुहार लगाएंगे ग्रामीण

आगरा के तहसील सदर क्षेत्र के गांव मघटई में प्रस्तावित मॉडल राशन शॉप के निर्माण को लेकर शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे विवाद की स्थिति बन गई। विरोध की आशंका को देखते हुए राजस्व विभाग ने थाना जगदीशपुरा पुलिस की मौजूदगी में भूमि का सीमांकन (पैमाइश) कराई गई। नायब तहसीलदार सदर विमल कुमार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम में राजस्व निरीक्षक आदर्श गौड़, क्षेत्रीय लेखपाल राजश्री पिप्पल, पूर्ति निरीक्षक अजय चौहान सहित पुलिस बल शामिल रहा। नायब तहसीलदार ने बताया कि गांव में सरकारी भूमि पर मॉडल राशन शॉप का निर्माण प्रस्तावित है। इसी के तहत ग्राम सभा की भूमि गाटा संख्या 93 का सीमांकन कराया गया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने उक्त भूमि पर अपना दावा जताते हुए पट्टा होने की बात कही और वर्ष 2001 की रसीद प्रस्तुत की। विमल कुमार के अनुसार ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत रसीद गाटा संख्या 72 की है, जबकि पैमाइश गाटा संख्या 93 की भूमि की की गई है। उन्होंने कहा कि पट्टे का आवंटन उपजिलाधिकारी स्तर से किया जाता है, जबकि ग्रामीण पूर्व प्रधान द्वारा जारी रसीद के आधार पर दावा कर रहे हैं। पैमाइश के दौरान कुछ समय के लिए विरोध की स्थिति बनी, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में प्रक्रिया शांतिपूर्वक पूरी कर ली गई। आज जिलाधिकारी से मिलेंगे ग्रामीण समाजसेवी विजय सिंह कर्दम ने बताया कि लगभग 25 वर्ष पूर्व गरीब परिवारों को पट्टे आवंटित किए गए थे। पांच पट्टाधारकों में से दो परिवारों ने मकान निर्माण करा लिया, जबकि तीन परिवार आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण निर्माण नहीं करा सके। उन्होंने बताया कि पट्टा धारकों में नवाब सिंह, बबुआ, मोनी, नरेंद्र और बने सिंह के नाम शामिल हैं। आरोप है कि प्रशासन मौखिक रूप से उपजिलाधिकारी के आदेश का हवाला देकर कार्रवाई कर रहा है और उनके पट्टे निरस्त करने की मंशा से पैमाइश कराई गई है। ग्रामीणों ने इस मामले में सोमवार को जिलाधिकारी से मिलकर न्याय की गुहार लगाने की बात कही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 16, 2026, 06:16 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




मॉडल राशन शॉप की जमीन पर विवाद: पुलिस पहरे में हुई पैमाइश, अब DM से न्याय की गुहार लगाएंगे ग्रामीण #CityStates #Agra #MaghtaiLandDispute #ModelRationShop #GramSabhaLand #GataNo93 #LandDemarcationUnderPolice #TehsilSadarAgra #JagdishpuraPoliceStation #LandPattaDispute #DmComplaint #मघटईजमीनविवाद #SubahSamachar