क्या पंजाब कांग्रेस में दूर होगा मतभेद: चन्नी गुट बोला-ये नहीं एक्सपेरिमेंट का समय, फिर भी बनाई बघेल से दूरी
पंजाब के नाराज कांग्रेसी भले ही हाईकमान के फैसले से नाराज हैं मगर वे टकराव की स्थिति नहीं चाहते। यह बात वीरवार को पूर्व सीएम चन्नी समेत उनके गुट के नेताओं ने साफ कर दी है। उनका कहना है कि किसी मसले पर मतभेद होना गलत नहीं और हर वरिष्ठ नेता की बात का मूल्य होता है। वे सभी एकजुट हैं मगर अपनी बात रखना गलत नहीं है। वे भी परिस्थितियों से हाईकमान को पूरी तरह अपडेट कर रहे हैं। इन नेताओं का कहना है कि विधानसभा चुनाव सिर पर है और पंजाब में यह एक्सपेरिमेंट करने का समय नहीं है। दरअसल, इन नेताओं का इशारा मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष को बदलने के बजाय उनके साथ तीन नए कार्यवाहक प्रदेशाध्यक्ष लगाए जाने के फॉर्मूले की ओर था। इस फॉर्मूले का सुझाव पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने ही हाईकमान को दिया था जिस पर मुहर लगी। नाराज नेता प्रदेशाध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को बदलना चाहते थे। हाईकमान के समक्ष रखेंगे अपनी बात : रंधावा सांसद एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि पंजाब कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता सामूहिक रूप से हाईकमान से मुलाकात करेंगे। कोई भी नेता व्यक्तिगत तौर पर नहीं, बल्कि सभी मिलकर अपनी बात रखेंगे और हाईकमान की राय भी सुनेंगे। कांग्रेस में लोकतांत्रिक व्यवस्था है। पार्टी के भीतर यदि किसी मुद्दे पर मतभेद हैं तो उन्हें आपसी बातचीत के माध्यम से सुलझाया जाएगा। पार्टी की संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत केवल भूपेश बघेल ही नहीं, बल्कि केसी वेणुगोपाल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी आते हैं, इन सभी से मुलाकात की जाएगी। जरूरत पड़ी तो दिल्ली भी जाएंगे। सभी नेता एकजुट होकर पंजाब कांग्रेस से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे और हाईकमान के मार्गदर्शन के अनुसार आगे की रणनीति तय करेंगे। रंधावा ने कहा कि कांग्रेस का मुख्य लक्ष्य पंजाब में पार्टी को मजबूत करना और आगामी चुनावों में कांग्रेस को जीत दिलाना है। उन्होंने कहा कि आपसी मतभेद किसी भी लोकतांत्रिक दल में हो सकते हैं लेकिन कांग्रेस का असली मुकाबला आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी से है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब को बर्बाद कर दिया है। पंजाब को बचाने के लिए काम करना सबसे बड़ी पहल और चुनौती है।उन्होंने पंजाब के मौजूदा हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि एफबीआई की कार्रवाई और पंजाब पुलिस की गैंगस्टरों व फिरौतियों संबंधी कार्यप्रणाली को लेकर पंजाब की छवि देश और विदेश में प्रभावित हुई है। पुलिस ने पंजाब को पूरी दुनिया में बदनाम कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन सभी मुद्दों को गंभीरता से उठाएगी और पार्टी के भीतर सभी विषयों का समाधान आपसी सहमति से किया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 09, 2026, 22:17 IST
क्या पंजाब कांग्रेस में दूर होगा मतभेद: चन्नी गुट बोला-ये नहीं एक्सपेरिमेंट का समय, फिर भी बनाई बघेल से दूरी #CityStates #Chandigarh-punjab #PunjabCongress #PoliticalNewsPunjab #SubahSamachar
