Ayodhya News: शाम को सास-बहू में विवाद, सुबह मृत मिली सास

अमानीगंज। खंडासा थाना क्षेत्र के धरौली गांव में बुधवार सुबह एक महिला संदिग्ध हालात में बिस्तर पर मृत पाई गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मंगलवार शाम सास-बहू के बीच विवाद की बात सामने आई है। पति की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने को भेज दिया है।धरौली की गंगादेई (55) पत्नी सोमई संदिग्ध हालात में अपने घर में सुबह बिस्तर पर मृत पाई गईं। सोमई के एक बेटी थी जिसका विवाह हो चुका है, उनके बेटे नहीं हैं। अपने भाई के बेटे को गोद लिया है। एक वर्ष पहले गोद लिए बेटे का विवाह किया। लेकिन सास-बहू में अनबन रहती थी। घटना को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से मृतका का बहू से विवाद चल रहा था। मंगलवार शाम विवाद गहरा गया था। बहू के मायके के लोग भी विवाद सुलझाने के लिए आए थे। रात में मृतका के पति खेत की रखवाली करने चले गए थे, वहीं बेटा एक निमंत्रण में गया हुआ था। सास बहू ही घर पर थीं। सुबह बेटे के निमंत्रण से लौटने के बाद देर तक दरवाजा न खुलने पर घर के पीछे लगी तिरपाल फाड़कर वह अंदर गया। अंदर देखा कि बिस्तर पर गंगा देई मृत पड़ी हैं। उनके पति सोमई ने मौत को लेकर संदेह जताया और घटना की सूचना पुलिस को दी। खंडासा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मृतका की बहू से भी पूछताछ की है।प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए भेजा गया है। प्रकरण की गंभीरता से छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 18, 2026, 20:47 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Ayodhya News: शाम को सास-बहू में विवाद, सुबह मृत मिली सास #DisputeBetweenMother-in-lawAndDaughter-in-lawInTheEvening #Mother-in-lawFoundDeadInTheMorning #SubahSamachar